एशियन गेम्स में अंकुश पंघल का कमाल, गोल्ड जीतकर भारत ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड

Ankush Panghal: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय बॉक्सिंग का अभियान शानदार अंदाज में खत्म हुआ. शुक्रवार, 2 अक्टूबर को 80 किग्रा वर्ग के फाइनल में अंकुश पंघल ने साउथ कोरिया के किम मिनसियोंग को 4-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया.

Ankush Panghal stellar performance at the Asian Games India sets a major record by winning gold
Image Source: Social Media

Ankush Panghal: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय बॉक्सिंग का अभियान शानदार अंदाज में खत्म हुआ. शुक्रवार, 2 अक्टूबर को 80 किग्रा वर्ग के फाइनल में अंकुश पंघल ने साउथ कोरिया के किम मिनसियोंग को 4-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. अंकुश की इस जीत के साथ भारत ने एक ही दिन बॉक्सिंग में तीसरा गोल्ड हासिल किया.

अंकुश ने फाइनल मुकाबले में शुरुआत से ही तेज रफ्तार और अच्छी मूवमेंट के साथ बॉक्सिंग की. उन्होंने अपने विरोधी के हमलों का जवाब काउंटर-पंच से दिया और पूरे मुकाबले में नियंत्रण बनाए रखा. मुकाबले के अंत में सभी जजों ने भारतीय बॉक्सर के पक्ष में फैसला दिया और अंकुश ने 4-0 से जीत दर्ज कर गोल्ड अपने नाम कर लिया.

इस जीत के साथ अंकुश का एशियन गेम्स 2026 का शानदार सफर भी पूरा हो गया.

कॉमनवेल्थ गेम्स में भी जीता था गोल्ड

हरियाणा के रोहतक में 13 अगस्त 2005 को जन्मे अंकुश पंघल 80 किग्रा वर्ग में भारत के उभरते हुए बॉक्सर हैं. उन्होंने 2026 सीनियर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर घरेलू स्तर पर अपनी पहचान बनाई. इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया.

अंकुश ने 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में भी 80 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल जीता था. इसके अलावा 2026 बॉक्सम कप में उन्हें सिल्वर मेडल मिला था. 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में भी उन्होंने सिल्वर जीता, जबकि 2025 अंडर-22 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में उनके नाम ब्रॉन्ज मेडल रहा.

बॉक्सिंग में भारत का सबसे सफल गोल्ड अभियान

अंकुश पंघल के गोल्ड के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत ने बॉक्सिंग में कुल 6 मेडल जीते. इनमें 3 गोल्ड और 3 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. गोल्ड मेडल की संख्या के लिहाज से यह एशियन गेम्स में भारतीय बॉक्सिंग का सबसे सफल अभियान रहा.

इससे पहले 2022 के एशियन गेम्स में भारत ने बॉक्सिंग में कुल 4 मेडल जीते थे, जिसमें 1 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज शामिल थे. वहीं 2010 में भारतीय बॉक्सर्स ने कुल 9 मेडल हासिल किए थे, जिनमें 2 गोल्ड, 3 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे.

इन भारतीय बॉक्सर्स ने जीते मेडल

एशियन गेम्स 2026 में लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग में गोल्ड, परवीन हुड्डा ने महिलाओं के 65 किग्रा वर्ग में गोल्ड और अंकुश पंघल ने पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग में गोल्ड जीता.

इसके अलावा प्रिया घंघस ने महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज, कपिल पोखरिया ने पुरुषों के 90 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज और नरेंद्र बेरवाल ने पुरुषों के 90 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.

ये भी पढ़ें- BrahMos Export: दुनियाभर में बढ़ी भारत के ब्रह्मोस की डिमांड, कौन-कौन से देश खरीद रहे यह