शरवरी वाघ संग रोमांस करेंगे अहान पांडे, ‘बेपरवाह’ का फर्स्ट लुक जारी, इस दिन रिलीज होगी फिल्म

Ahaan Panday New Film: अहान पांडे और शरवरी वाघ पहली बार फिल्म ‘बेपरवाह’ में साथ नजर आएंगे. अली अब्बास जफर के निर्देशन में बनी इस फिल्म का पहला पोस्टर जारी हो गया है. फिल्म 26 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

ahaan-panday-sharvari-wagh-Beparwah-first-poster-release-date-announced
Image Source: Internet

Beparwah: ‘सैयारा’ से दर्शकों के बीच पहचान बनाने वाले अहान पांडे एक बार फिर बड़े पर्दे पर रोमांस और एक्शन का तड़का लगाने के लिए तैयार हैं. इस बार उनके साथ शरवरी वाघ की जोड़ी नजर आएगी. दोनों की नई फिल्म का नाम ‘बेपरवाह’ है, जिसका पहला पोस्टर सामने आ गया है. पोस्टर के साथ मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है. फिल्म को लेकर सामने आई इस जानकारी के बाद अहान और शरवरी के फैंस की उत्सुकता बढ़ गई है.

‘बेपरवाह’ में दिखेगा रोमांस और एक्शन का मेल

यशराज फिल्म्स के बैनर तले बन रही ‘बेपरवाह’ एक रोमांटिक एक्शन-ड्रामा फिल्म है. इसका निर्देशन अली अब्बास जफर कर रहे हैं, जबकि आदित्य चोपड़ा फिल्म के निर्माता हैं. शुरुआती पोस्टर से ही फिल्म में प्यार और एक्शन के मिश्रण की झलक मिलती है. हालांकि, मेकर्स ने अभी तक कहानी से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है.

बंदूक के साथ अहान गिटार थामे दिखीं शरवरी

फिल्म के पहले पोस्टर में अहान पांडे के हाथ में बंदूक दिखाई दे रही है, जबकि शरवरी वाघ गिटार पकड़े नजर आ रही हैं. पोस्टर में दोनों के चेहरे छिपाए गए हैं, जिससे उनके किरदारों के लुक को लेकर उत्सुकता बनी हुई है. इसके साथ सुनाई देने वाला डायलॉग भी फिल्म के अंदाज की झलक देता है. अहान की आवाज में प्यार को बेपरवाह और बेइंतहा बताते हुए ऐसा संवाद सुनाई देता है, जिसमें अपने इश्क के लिए सब कुछ तबाह कर देने का जिक्र है.

पहली बार साथ नजर आएंगे अहान और शरवरी

‘बेपरवाह’ में अहान पांडे और शरवरी वाघ पहली बार एक साथ स्क्रीन साझा करेंगे. अहान की यह यशराज फिल्म्स के साथ दूसरी फिल्म होगी. इससे पहले उन्होंने मोहित सूरी के निर्देशन में बनी ‘सैयारा’ से अभिनय की शुरुआत की थी. फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और इसके बाद से ही अहान के अगले प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा थी. फिल्म के पोस्टर पर ‘सैयारा’ की अभिनेत्री अनीत पड्डा ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कमेंट करते हुए लिखा, “बेस्ट ऑफ बेस्ट! बहुत ज्यादा एक्साइटेड हूं!” उनके इस संदेश ने फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को और बढ़ा दिया है.

कब रिलीज होगी ‘बेपरवाह’?

मेकर्स के ऐलान के मुताबिक, ‘बेपरवाह’ 26 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी अली अब्बास जफर संभाल रहे हैं, जो इससे पहले यशराज फिल्म्स के साथ ‘सुल्तान’ और ‘टाइगर जिंदा है’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं. इस प्रोजेक्ट के जरिए उनकी एक बार फिर इस प्रोडक्शन हाउस के साथ वापसी हो रही है. फिल्म की बाकी स्टारकास्ट और कहानी को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. कुछ रिपोर्ट्स में बॉबी देओल के भी फिल्म का हिस्सा होने की चर्चा है.

ये भी पढ़ें- रजनीकांत की 'जेलर 2' का विदेशों में भी दबदबा! UK में कर डाली छप्परफाड़ कमाई, बनी नंबर-1 तमिल फिल्म