Middle East Tension: पश्चिम एशिया में पहले से जारी तनाव के बीच अब एक नया मोर्चा खुलता नजर आ रहा है. जॉर्डन ने अपनी सीमा से लगे सीरिया के अंदर सैन्य कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब क्षेत्र में पहले से ईरान-अमेरिका के बीच तनाव बना हुआ है और इजरायल-लेबनान के बीच भी छिटपुट झड़पें जारी हैं.
बताया गया है कि जॉर्डन की सेना ने ‘जॉर्डन डिटरेंस’ ऑपरेशन के तहत सीरिया के भीतर उन ठिकानों को निशाना बनाया, जिन्हें वह अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा मानता है. सीरियाई सरकारी मीडिया के अनुसार, इन हमलों का मुख्य उद्देश्य ड्रग्स और हथियारों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को खत्म करना था, जो सीमा पार गतिविधियों में शामिल बताए जाते हैं. इन इलाकों में विद्रोही समूहों का प्रभाव भी बताया जा रहा है.
सीरिया में जॉर्डन ने कहां किया हमला?
सीरियाई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉर्डन ने दक्षिणी प्रांत सुवेदा के शाहबा गांव के पास एक महत्वपूर्ण ठिकाने पर हमला किया. इस जगह को ऐसे मुख्यालय के रूप में बताया गया है, जहां हथियारों और ड्रग्स का भंडारण किया जाता था. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह स्थान तस्करी और सीमा पार घुसपैठ के संचालन का प्रमुख केंद्र था.
इसके अलावा, रिपोर्ट्स में कहा गया है कि अरमान कस्बे सहित कम से कम पांच अलग-अलग जगहों पर भी हवाई हमले किए गए. इन हमलों में गोदामों और स्टोरेज यूनिट्स को निशाना बनाया गया, जहां अवैध सामान रखा गया था. हमलों के बाद इन क्षेत्रों में गतिविधियां ठप होने की बात कही जा रही है.
जॉर्डन सेना का सख्त संदेश
जॉर्डन की सेना ने इस कार्रवाई को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. सेना ने स्पष्ट किया है कि वह अपनी सीमाओं की सुरक्षा के लिए “सक्रिय, निर्णायक और रोकथाम” की नीति पर काम करती रहेगी. बयान में कहा गया है कि देश की संप्रभुता पर किसी भी तरह का खतरा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उससे निपटने के लिए सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जाएगा. यह संकेत भी दिया गया है कि जरूरत पड़ने पर भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रह सकती है.
घायल हुए लोग, अस्पताल में भर्ती
सीरियाई मीडिया के मुताबिक, इन हवाई हमलों में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें सुवेदा के स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. हालांकि अब तक हताहतों की कोई आधिकारिक संख्या सामने नहीं आई है. हमलों के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
क्यों अहम है सुवेदा?
सुवेदा प्रांत जॉर्डन की सीमा से सटा हुआ क्षेत्र है और यहां ड्रूज समुदाय की बड़ी आबादी रहती है. यह इलाका पूरी तरह सीरियाई सरकार के नियंत्रण में नहीं माना जाता, जिसके कारण यहां अलग-अलग सशस्त्र समूह सक्रिय रहते हैं. इसी वजह से यह क्षेत्र लंबे समय से ड्रग्स और हथियारों की तस्करी का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जो जॉर्डन के लिए सुरक्षा चिंता का कारण बना हुआ है.
ये भी पढ़ें- नाकाबंदी, न्यूक्लियर, होर्मुज स्ट्रेट... अमेरिका-ईरान के बीच लगातार बढ़ रहा तनाव, फिर शुरू होगी जंग?