पंचमहल: गुजरात के पंचमहल ज़िले में स्थित पावागढ़ मंदिर परिसर में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब कंस्ट्रक्शन सामग्री ले जा रहे मालवाहक रोपवे की रस्सी टूट गई. इस दर्दनाक घटना में अब तक 6 लोगों की मौत और 4 के घायल होने की सूचना है. प्रशासन मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है.
हादसे की पुष्टि: डीएसपी ने दी जानकारी
पंचमहल के डीएसपी डॉ. हर्ष दुधात ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना पावागढ़ मंदिर परिसर में निर्माण के दौरान हुई. उन्होंने कहा, "यह एक दुखद हादसा है. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और सभी ज़रूरी अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं."
दो लिफ्ट ऑपरेटर और मजदूरों की गई जान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मरने वालों में दो लिफ्ट ऑपरेटर, दो श्रमिक और दो अन्य व्यक्ति शामिल हैं. हादसा उस समय हुआ जब एक मालवाहक रोपवे के ज़रिए कंस्ट्रक्शन का सामान पहाड़ी पर चढ़ाया जा रहा था. इसी दौरान रस्सी टूट गई और रोपवे दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
Panchmahal, Gujarat | Six people died after a trolley carrying construction material for the ropeway in Pavagadh broke down: Panchmahal DSP Dr. Harsh Dudhaat
— ANI (@ANI) September 6, 2025
घायल लोगों का इलाज जारी
घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई और फंसा न हो.
डीएम का बयान
पंचमहल के जिलाधिकारी (DM) ने भी हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना दोपहर करीब 3:30 बजे हुई. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से लगता है कि रोपवे की रस्सी टूटने के कारण यह दुर्घटना हुई. प्रशासन ने तकनीकी जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि दोषियों की पहचान की जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों.
मंदिर में निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
बता दें कि पावागढ़ स्थित शक्तिपीठ में इन दिनों रोपवे और मंदिर के अन्य हिस्सों में निर्माण कार्य चल रहा है. इसी दौरान मालवाहक रोपवे का इस्तेमाल निर्माण सामग्री ले जाने के लिए किया जा रहा था. हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये भी पढ़ें: मां ने मासूम बेटे को 13वीं मंजिल से फेंका, फिर खुद भी लगा दी छलांग, गुजरात में दिल दहला देने वाली घटना