नई दुल्हन मायके से विदाई पर पीछे क्यों फेंकती है अनाज, ससुराल में पैर से क्यों गिराती है कलश? जानें अनोखी परंपरा

Hindu Wedding Rituals: विदाई के समय गेहूं-चावल पीछे फेंकने से लेकर ससुराल में अक्षत कलश गिराकर प्रवेश करने तक, विवाह की इन परंपराओं के पीछे छिपी हैं सुख-समृद्धि, प्रेम और शुभता से जुड़ी खास मान्यताएं.

meaning-behind-bride-wedding-farewell-and-kalash-entry-rituals
Image Source: AI

Hindu Wedding Rituals: शादी के बाद बेटी की विदाई का पल हर परिवार के लिए भावुक होता है. इस दौरान निभाई जाने वाली कुछ परंपराएं ऐसी हैं, जिनके पीछे केवल भावनाएं ही नहीं, बल्कि सुख-समृद्धि और खुशहाली से जुड़ी मान्यताएं भी छिपी होती हैं. ऐसी ही एक रस्म में बेटी मायके से विदा होते समय दोनों हाथों में गेहूं या चावल लेकर पीछे की ओर फेंकती है. वहीं, ससुराल पहुंचने पर वह अक्षत से भरे कलश को पैर से गिराकर घर में प्रवेश करती है. इन दोनों परंपराओं का संबंध परिवारों की समृद्धि और मंगलकामना से माना जाता है.

मायके से विदाई के समय पीछे क्यों फेंकती है बेटी गेहूं-चावल?

सनातन परंपरा में बेटी को लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है. मान्यता है कि बेटी जिस घर में जन्म लेती है और अपना बचपन बिताती है, वहां से विदा होते समय भी उस परिवार की खुशहाली की कामना करती है. दोनों हाथों से गेहूं या चावल पीछे फेंकने की रस्म इसी भावना को दर्शाती है. इसके जरिए बेटी अपने मायके के लिए अन्न, धन और सुख-समृद्धि की कामना करती है, ताकि उसके जाने के बाद भी माता-पिता का घर हमेशा खुशियों से भरा रहे.

बेटी के मायके से जुड़ी होती है यह भावनात्मक परंपरा

विदाई के समय निभाई जाने वाली यह रस्म बेटी के अपने माता-पिता और मायके के प्रति प्रेम और कृतज्ञता का प्रतीक भी मानी जाती है. जिस घर के आंगन में उसने बचपन बिताया, जहां परिवार के साथ उसकी यादें जुड़ी हैं, वहां से जाते हुए वह उस घर के लिए मंगलकामना करती है. विवाह के बाद उसका नया परिवार भले ही बन जाता है, लेकिन मायके के प्रति उसका लगाव और वहां की सुख-समृद्धि की इच्छा हमेशा बनी रहती है.

ससुराल में अक्षत कलश को पैर से क्यों गिराती है नववधू?

मायके से विदाई के बाद जब नववधू पहली बार ससुराल पहुंचती है, तो उसका स्वागत लक्ष्मी के स्वरूप में किया जाता है. इस दौरान घर के मुख्य द्वार पर चावल यानी अक्षत से भरा कलश रखा जाता है. नववधू अपने पैर से इस कलश को भीतर की ओर गिराकर घर में प्रवेश करती है. मान्यता है कि इस रस्म के साथ वह अपने नए घर में अन्न, धन, सुख और सौभाग्य लेकर आती है. इसे परिवार में समृद्धि और खुशहाली के आगमन का शुभ संकेत माना जाता है.

अक्षत और कलश का क्या है धार्मिक महत्व?

इस परंपरा में चावल के इस्तेमाल के पीछे भी खास धार्मिक मान्यता है. अक्षत का अर्थ होता है ऐसा अन्न, जो टूटा या खंडित न हो. पूजा-पाठ में अक्षत को पूर्णता, अखंडता और शुभता का प्रतीक माना जाता है. वहीं, कलश को भारतीय परंपरा में उर्वरता, समृद्धि और मंगल का प्रतीक माना गया है. इसलिए अक्षत से भरे कलश को पैर से गिराकर घर में प्रवेश करना नववधू के नए जीवन और परिवार की सुख-समृद्धि से जुड़ी एक शुभ परंपरा मानी जाती है.

ये भी पढ़ें-Numerology 2027: नया साल 2027 लाएगा खुशियों की सौगात! दिसंबर में सुधार लें ये गलतियां, आर्थिक स्थिति होगी मजबूत