महाराष्ट्र के खानपान में ठेचा एक खास जगह रखता है. तीखी हरी मिर्च, लहसुन और मूंगफली से तैयार होने वाली यह चटनी सादी रोटी और भाकरी का स्वाद भी बढ़ा देती है. खासतौर पर हरे लहसुन का ठेचा अपने तीखे स्वाद और लहसुन की शानदार खुशबू के लिए पसंद किया जाता है. इसे बनाने का तरीका भी बेहद आसान है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे मिक्सी में बारीक पीसने के बजाय सिलबट्टे या ओखली में दरदरा कूटा जाता है. इससे इसका पारंपरिक स्वाद और टेक्सचर बरकरार रहता है. आइए जानते हैं महाराष्ट्रीयन स्टाइल में ग्रीन गार्लिक ठेचा बनाने की आसान रेसिपी.
ग्रीन गार्लिक ठेचा बनाने के लिए सामग्री
इस चटपटी चटनी को बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके लिए आधा गुच्छा ताजा हरा लहसुन, 10 से 12 हरी मिर्च, एक चौथाई कप कच्ची मूंगफली, 3 से 4 बड़े चम्मच तेल और स्वादानुसार नमक ले लें.
कैसे बनाएं महाराष्ट्र का फेमस हरा लहसुन ठेचा?
मिर्च और मूंगफली भूनें: सबसे पहले एक कड़ाही में तेल गर्म करें. इसमें हरी मिर्च डालकर तेज आंच पर 2 से 3 मिनट तक भून लें. अब कड़ाही में मूंगफली डालें और इसे 1 से 2 मिनट तक चलाते हुए पकाएं. ध्यान रखें कि मूंगफली हल्की सुनहरी हो जाए.
हरा लहसुन डालकर पकाएं: अब इसमें बारीक कटा हुआ हरा लहसुन डालें. इसे 2 से 3 मिनट तक भूनें. जब लहसुन हल्का नरम हो जाए और उसमें से अच्छी खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें.
नमक मिलाकर मिश्रण ठंडा करें: भुने हुए मिश्रण में स्वादानुसार नमक डालें और अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद इसे एक प्लेट में निकालकर कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें.
सिलबट्टे पर दरदरा कूटें: जब मिश्रण ठंडा हो जाए तो इसे सिलबट्टे या ओखली में डालकर दरदरा कूट लें. ध्यान रखें कि इसे बिल्कुल बारीक पेस्ट नहीं बनाना है. ठेचे का असली स्वाद इसके मोटे और दरदरे टेक्सचर में ही आता है. इस तरह आपका महाराष्ट्रीयन स्टाइल हरा लहसुन ठेचा तैयार हो जाएगा.
रोटी और भाकरी के साथ बढ़ जाता है स्वाद
महाराष्ट्र में हरे लहसुन के ठेचे को ज्वार और बाजरे की भाकरी के साथ खूब पसंद किया जाता है. इसके अलावा आप इसे गेहूं की रोटी, दाल-चावल या सादी सब्जी के साथ भी खा सकते हैं. तीखा और चटपटा स्वाद पसंद करने वालों के लिए यह ठेचा किसी खास डिश से कम नहीं है.
यह भी पढ़ें: न भर्ता, न सब्जी...इस बार बैंगन से बनाएं चटपटा गुजराती रायता