UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है. इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लखनऊ में सांसद इमरान मसूद को कम बोलने और काम पर ज्यादा ध्यान देने की सलाह दी. खड़गे ने कहा कि वह मसूद को अक्सर टीवी पर देखते और सुनते हैं, जहां वह काफी जोश के साथ अपनी बात रखते हैं. हालांकि, पार्टी को केवल बयानबाजी के बजाय मिलकर काम करने पर जोर देना चाहिए.
खड़गे ने की इमरान मसूद की तारीफ
कांग्रेस अध्यक्ष ने इमरान मसूद की तारीफ करते हुए कहा कि वह संसद में पार्टी के लिए लगातार आवाज उठाते हैं और कांग्रेस का पक्ष मजबूती से रखते हैं. इसके साथ ही उन्होंने उन्हें कम बोलने की सलाह भी दी. खड़गे ने कहा कि पार्टी के सभी नेताओं को एकजुट होकर काम करना चाहिए. जितना ज्यादा मिलकर काम करेंगे, उतनी ही मजबूती से आगे बढ़ पाएंगे.
सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर बढ़ी खटास
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर मतभेद सामने आने लगे हैं. सहारनपुर से सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी के एकतरफा फैसलों पर नाराजगी जताई है. सपा की पहली उम्मीदवार सूची में बेहट और सहारनपुर ग्रामीण सीटों पर कांग्रेस से सहमति लिए बिना प्रत्याशी घोषित किए जाने से मसूद खफा हैं. उन्होंने इसे गठबंधन की भावना के खिलाफ बताते हुए कहा कि ऐसे फैसलों का फायदा बीजेपी को मिल सकता है.
‘कांग्रेस गठबंधन में सहयोगी है’
25 नवंबर को आजतक से बातचीत में इमरान मसूद ने कांग्रेस को 26 सीटों के कथित प्रस्ताव को खारिज कर दिया था. उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस गठबंधन में बराबर की सहयोगी है, कोई भिखारी नहीं. इसके अगले दिन यानी 26 नवंबर को मसूद ने कहा कि पार्टी अपना जनाधार मजबूत करने के लिए 60 सीटों पर भी समझौता नहीं करेगी. उनके इस बयान से सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की चुनौती और स्पष्ट हो गई है.
सपा पर बैठक की बातें लीक करने का लगाया आरोप
इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी पर बंद कमरे में होने वाली बैठकों की बातें मीडिया तक पहुंचाने का आरोप भी लगाया है. उन्होंने सपा की ओर से अलग चुनावी घोषणापत्र जारी करने की योजना पर सवाल उठाए. मसूद का मानना है कि गठबंधन में शामिल दलों को आपसी सहमति और भरोसे के साथ आगे बढ़ना चाहिए, न कि ऐसे फैसले लेने चाहिए जिनसे सहयोगियों के बीच मतभेद बढ़ें.
मायावती को विपक्षी गठबंधन में शामिल करने की वकालत
इमरान मसूद ने बीजेपी के खिलाफ विपक्षी एकजुटता की बात करते हुए बसपा प्रमुख मायावती को भी गठबंधन में शामिल करने की वकालत की है. उन्होंने कहा कि बीजेपी के खिलाफ लड़ाई में विपक्ष को साथ आना चाहिए और राहुल गांधी इस मुकाबले में सबसे बड़ी गारंटी हैं. ऐसे में एक तरफ कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पार्टी नेताओं को मिलकर काम करने की सलाह दे रहे हैं, तो दूसरी तरफ यूपी में गठबंधन की सीटों को लेकर बयानबाजी जारी है.
ये भी पढ़ें- आजादी के बाद संविधान के मूल्यों को युवाओं तक पहुंचाना भूल गए… संविधान दिवस पर बोले अमित शाह