Jio ने मिलाया Starlink से हाथ, जानिए ग्राहकों को कैसे मिलेगा फायदा

भारत में अपने बिजनेस का तेजी से विस्तार करते हुए एलन मस्क ने सेटेलाइट बेस्ड इंटरनेट सर्विस Starlink के जरिए नया कदम बढ़ाया है.

Jio joins hands with Starlink know how customers will benefit
प्रतीकात्मक तस्वीर | Photo: Freepik/X

भारत में अपने बिजनेस का तेजी से विस्तार करते हुए एलन मस्क ने सेटेलाइट बेस्ड इंटरनेट सर्विस Starlink के जरिए नया कदम बढ़ाया है. टेलीकॉम कंपनी एयरटेल के साथ हाल ही में एक डील साइन करने के बाद, अब स्टारलिंक ने मुकेश अंबानी की रिलायंस जियो के साथ भी साझेदारी की है, जो भारत में इंटरनेट सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव ला सकती है.

एलन मस्क लंबे समय से भारत में अपनी स्टारलिंक सर्विस को लांच करने का सपना देख रहे थे, और अब एयरटेल और जियो के साथ हाथ मिलाने के बाद यह सपना साकार होता हुआ दिखाई दे रहा है. रिलायंस जियो ने इस करार की जानकारी माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म X पर शेयर की है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि स्टारलिंक की सेवा भारत में लांच होने के रास्ते पर है.

हालांकि, स्टारलिंक की इस सर्विस को भारत में शुरू करने में अभी कुछ समय लग सकता है क्योंकि कंपनी को कुछ जरूरी अप्रूवल्स का इंतजार है.

कैसे होगा ग्राहकों को फायदा?

अब सवाल ये है कि स्टारलिंक, एयरटेल और जियो के इस करार से ग्राहकों को कैसे फायदा होगा. स्टारलिंक में हजारों लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) सेटेलाइट्स हैं, जो एक-दूसरे से लेजर लिंक के जरिए कनेक्ट होते हैं. इससे डेटा की गति तेज होती है, जिससे ग्राहकों को हाई स्पीड इंटरनेट का फायदा मिलेगा.

इस सर्विस का उपयोग करने के लिए एक छोटी डिवाइस, जिसे स्टारलिंक टर्मिनल कहा जाता है, को इंस्टॉल करना होगा. इस डिवाइस के सेटअप के बाद, यह सैटेलाइट से सिग्नल रिसीव करता है और यूजर्स को उच्च गति का इंटरनेट प्रदान करता है.

स्टारलिंक का उद्देश्य

स्टारलिंक को एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने विकसित किया है. इसका मुख्य उद्देश्य दुनिया के दूरदराज के क्षेत्रों में भी हाई स्पीड इंटरनेट प्रदान करना है. यह सेटेलाइट-आधारित सेवा किसी भी तरह के टावर की आवश्यकता के बिना इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराती है.

ये भी पढ़ेंः आज शाम होगा 'फैशन कनेक्ट सीजन 20' का भव्य आयोजन, जानिए इस बार क्या होगा खास