Rising Stars Asia Cup 2026: राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने अपने अभियान का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया है. तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया A ने पहले ही मुकाबले में नेपाल को 306 रन के विशाल अंतर से हराकर बड़ी जीत दर्ज की. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 332 रन बनाए. इसके जवाब में नेपाल की पूरी टीम महज 26 रन पर सिमट गई. भारत की इस जीत में बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों ने भी अहम भूमिका निभाई. खासतौर पर हर्षित राणा और प्रिंस यादव की गेंदबाजी नेपाल के बल्लेबाजों पर भारी पड़ी.
कुशाग्र और तिलक वर्मा ने जड़े शानदार शतक
कतर में शुक्रवार, 20 नवंबर को खेले गए इस मुकाबले में इंडिया A की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा जैसे युवा बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. शुरुआती झटकों के चलते भारतीय टीम ने महज 42 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे. ऐसे में कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई.
200 से ज्यादा रन की साझेदारी से भारत ने बनाया बड़ा स्कोर
मुश्किल समय में दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नेपाल के गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया. कुमार कुशाग्र ने 93 गेंदों का सामना करते हुए 117 रन की शतकीय पारी खेली. वहीं, कप्तान तिलक वर्मा ने शुरुआत में संभलकर खेलने के बाद अपने शॉट्स लगाए और 107 रन बनाए. दोनों के शतकों की बदौलत इंडिया A ने निर्धारित 50 ओवर में 332 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया.
हर्षित राणा और प्रिंस यादव ने नेपाल की उड़ाई गिल्लियां
333 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई. हर्षित राणा ने पारी के पहले ही ओवर में विकेट लेकर नेपाल को झटका दिया. इसके बाद दूसरे ओवर में प्रिंस यादव ने लगातार दो विकेट हासिल कर लिए. तीसरे ओवर में हर्षित ने एक और बल्लेबाज को पवेलियन भेज दिया. शुरुआती तीन ओवर में ही नेपाल के चार बल्लेबाज सिर्फ एक रन के स्कोर पर आउट हो चुके थे.
26 रन पर सिमटी नेपाल की पूरी टीम
भारतीय गेंदबाजों का दबाव यहीं नहीं रुका. प्रिंस यादव ने अपनी शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए पांच विकेट पूरे किए, जबकि हर्षित राणा ने चार बल्लेबाजों को आउट किया. नेपाल की टीम महज 11.3 ओवर यानी 69 गेंदों में 26 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. टीम के पांच बल्लेबाज अपना खाता तक नहीं खोल सके. नेपाल का आखिरी विकेट शाहबाज अहमद ने हासिल किया. इस तरह इंडिया A ने 306 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया.
पाकिस्तान शाहीन से होगा भारत का अगला मुकाबला
राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में इस बड़ी जीत के साथ इंडिया A ने ग्रुप स्टेज में अपनी शुरुआत की है. अब भारतीय टीम की नजर अगले मुकाबले पर होगी. इंडिया A को रविवार, 22 नवंबर को पाकिस्तान शाहीन के खिलाफ मैदान पर उतरना है. नेपाल के खिलाफ मिली जीत के बाद इस मुकाबले पर भी क्रिकेट फैंस की नजरें रहेंगी.
ये भी पढ़ें- मुंबई इंडियंस में रोहित युग की वापसी? 'मुंबईचा राजा' पोस्ट ने बढ़ाई फैन्स की उम्मीद