मुंबई इंडियंस में रोहित युग की वापसी? 'मुंबईचा राजा' पोस्ट ने बढ़ाई फैन्स की उम्मीद

आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं. हार्दिक पंड्या ट्रेड के जरिए टीम से बाहर हो चुके हैं. इसके बाद रोहित शर्मा की एक बार फिर कप्तानी में वापसी की चर्चाएं तेज हो गई हैं. इस बीच फ्रेंचाइजी के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने इन अटकलों को और हवा दे दी है.

mumbai-indians-new-captain-ipl-2027-rohit-sharma-comeback
Image Source: Social Media

आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं. हार्दिक पंड्या ट्रेड के जरिए टीम से बाहर हो चुके हैं. इसके बाद रोहित शर्मा की एक बार फिर कप्तानी में वापसी की चर्चाएं तेज हो गई हैं. इस बीच फ्रेंचाइजी के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने इन अटकलों को और हवा दे दी है. हालांकि, मुंबई इंडियंस ने अभी तक अपने नए कप्तान के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है.

मुंबई इंडियंस के पोस्ट से शुरू हुई कप्तानी की चर्चा

मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर रोहित शर्मा की तस्वीर के साथ एक पोस्ट शेयर किया है. तस्वीर के बैकग्राउंड में 'मुंबईचा राजा' लिखा नजर आ रहा है, जिसका मतलब है मुंबई का राजा. फ्रेंचाइजी ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'सीजन 17 मुंबईचा राजा के लिए ब्लू एंड गोल्ड में! पलटन, #TATAIPL 2027 के लिए तैयार?'

इस पोस्ट के सामने आते ही फैन्स ने रोहित शर्मा को दोबारा कप्तान बनाने की मांग शुरू कर दी. कई यूजर्स ने कमेंट में 'कैप्टन रोहित शर्मा' लिखकर अपनी इच्छा जाहिर की. हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट को कप्तानी के आधिकारिक ऐलान के तौर पर नहीं देखा जा सकता.

 

रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई ने जीते 5 खिताब

रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं. उनकी कप्तानी में टीम ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में कुल पांच आईपीएल खिताब अपने नाम किए थे. उन्होंने 2013 से 2023 तक टीम की कमान संभाली.

इसके बाद 2024 से 2026 के बीच हार्दिक पंड्या ने मुंबई इंडियंस की कप्तानी की. अब हार्दिक के टीम से बाहर होने के बाद रोहित की वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हैं. हालांकि, अंतिम फैसला फ्रेंचाइजी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगा.

मुंबई इंडियंस ने रिटेन किए खिलाड़ी, पर्स में बचे 32.6 करोड़

आईपीएल 2027 के लिए मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम में कई बड़े खिलाड़ियों को बरकरार रखा है. रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह, तिलक वर्मा, नमन धीर, रयान रिकेल्टन, शेरफेन रदरफोर्ड, क्विंटन डिकॉक, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, शार्दुल ठाकुर, राज बावा, मिचेल सैंटनर, अश्वनी कुमार और रघु शर्मा को रिटेन किए जाने की जानकारी दी गई है. वहीं, अर्शदीप सिंह ट्रेड के जरिए टीम से जुड़े हैं.

फ्रेंचाइजी ने ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, एएम गजनफर, अथर्व अंकोलेकर, केशव महाराज, मोहम्मद इजहार, दानिश मालवेर, मयंक मार्कंडे, मयंक रावत, महीपाल लोमरोर, रॉबिन मिंज, रुचित अहिर और कृष्ण भगत को रिलीज किया है. हार्दिक पंड्या भी ट्रेड के जरिए टीम से बाहर हुए हैं.

दी गई जानकारी के मुताबिक, मुंबई इंडियंस के पास अब 32.6 करोड़ रुपये का पर्स बचा है. टीम के पास कुल 9 स्लॉट खाली हैं, जिनमें 2 विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं.

कीरोन पोलार्ड बने हेड कोच, रॉबिन उथप्पा को मिली जिम्मेदारी

मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 से पहले अपने कोचिंग सेटअप में भी बदलाव किया है. वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड अब टीम के हेड कोच होंगे. भारत के पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा को बैटिंग कोच और न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनघन को बॉलिंग कोच बनाया गया है.

इसके अलावा भारतीय टीम के पूर्व फील्डिंग कोच टी. दिलीप को फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी मिली है. वहीं, मुंबई के अनुभवी तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी डेवलपमेंट बॉलिंग कोच के तौर पर नए कोचिंग सेटअप का हिस्सा होंगे. अब देखना होगा कि नए कोचिंग स्टाफ और बदली हुई टीम के साथ मुंबई इंडियंस आईपीएल 2027 में कैसा प्रदर्शन करती है.

यह भी पढ़ें: IPL 2027: किस टीम के पर्स में बचे सबसे ज्यादा पैसे, कितने खिलाड़ी की जगह खाली? देखें पूरी लिस्ट