दाल, सब्जी और रोटी के साथ अगर ठंडा-ठंडा रायता मिल जाए तो खाने का स्वाद दोगुना हो जाता है. आमतौर पर लोग खीरे, बूंदी या लौकी का रायता बनाते हैं, लेकिन क्या आपने कभी बैंगन का रायता ट्राई किया है? सुनने में भले ही यह थोड़ा अलग लगे, लेकिन इसका स्वाद काफी लाजवाब होता है. इसे बनाना भी बेहद आसान है.
हाल ही में फराह खान अपने कुक दिलीप के साथ सिंगर ध्वनि भानुशाली के घर पहुंचीं. उनके लेटेस्ट व्लॉग में ध्वनि की मम्मी फराह के लिए खास बैंगन का रायता बनाती नजर आईं. गुजरात के कच्छ क्षेत्र में बनने वाली इस खास डिश को आप भी घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं. दही, बैंगन, लहसुन और खास मसालों से तैयार यह रायता आपकी रोज की थाली में नया स्वाद जोड़ सकता है.
बैंगन के रायते के लिए जरूरी सामग्री
इस गुजराती स्टाइल रायते को बनाने के लिए आपको एक बड़ा बैंगन, डेढ़ कप दही, लहसुन की 4-5 कलियां, 1-2 बारीक कटी हरी मिर्च और 2 बड़े चम्मच कटा हुआ हरा धनिया चाहिए. इसके अलावा स्वादानुसार नमक, एक चुटकी चीनी, आधा चम्मच राई और आधा चम्मच मेथी दाना भी लें.
इस आसान तरीके से बनाएं बैंगन का रायता
सबसे पहले बैंगन पकाएं: बैंगन को अच्छी तरह धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें बैंगन के टुकड़े और हल्का नमक डाल दें. इन्हें धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक बैंगन नरम न हो जाए.
तैयार करें खास गुजराती मसाला: अब एक दूसरे पैन में राई और मेथी दाने को हल्का भून लें. ठंडा होने के बाद इन्हें पीसकर पाउडर बना लें. यही मसाला इस रायते को खास गुजराती स्वाद देता है.
दही और मसालों को मिलाएं: पके हुए बैंगन को एक कटोरी में निकाल लें. इसमें कद्दूकस किया हुआ लहसुन और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब इसमें दही, तैयार राई-मेथी का पाउडर, स्वादानुसार नमक और एक चुटकी चीनी डाल दें.
आखिर में करें गार्निश: सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालें. आपका स्वादिष्ट गुजराती स्टाइल बैंगन का रायता तैयार है.
बैंगन का छिलका निकालने की जरूरत नहीं
इस रायते को बनाते समय बैंगन का छिलका उतारने की जरूरत नहीं होती. आप इसे छिलके समेत पका सकते हैं. इससे रायते को अलग स्वाद और टेक्सचर मिलता है. बस ध्यान रखें कि बैंगन अच्छी तरह नरम हो जाए.
यह भी पढ़ें: कैल्शियम से भरपूर रागी से बनाएं कर्नाटक की ये पारंपरिक डिश, आसान है रेसिपी