FIFA पर अब तक का बड़ा साइबर हमला! हैकर्स ने चुराया 12GB से ज्यादा गोपनीय डेटा, जांच में जुटी एजेंसियां

FIFA Cyber Attack: Handsome Boy Hacking Club ने 12GB से ज्यादा डेटा चोरी करने का किया दावा, पहचान पत्र, इमिग्रेशन दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड तक पहुंचने की आशंका; FIFA ने जांच शुरू की.

fifa-cyber-attack-hackers-steal-over-12gb-secret-data
Image Source: Social Media

FIFA Cyber Attack: दुनिया की सबसे बड़ी फुटबॉल संस्थाओं में शामिल फीफा (FIFA) साइबर हमले का शिकार हो गई है. हैकर्स ने संस्था के आंतरिक सिस्टम तक पहुंच बनाकर बड़ी मात्रा में गोपनीय डेटा चोरी करने का दावा किया है. इस घटना की पुष्टि खुद फीफा ने भी की है. Handsome Boy Hacking Club (HBHC) नाम के हैकिंग ग्रुप ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि उसने फीफा के सर्वर से 12GB से ज्यादा डेटा चुराया है.

सोशल मीडिया पर साझा किए फाइलों के स्क्रीनशॉट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हैकिंग ग्रुप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फीफा से जुड़ी कुछ फाइलों के स्क्रीनशॉट भी साझा किए हैं. हैकर्स का दावा है कि चोरी किए गए डेटा में पहचान पत्र, इमिग्रेशन दस्तावेज, अधिकारियों की निजी जानकारियां, वित्तीय रिकॉर्ड और कानूनी दस्तावेज शामिल हैं. इसके अलावा संस्था के आंतरिक कामकाज और प्रशासन से जुड़े रिकॉर्ड भी चोरी होने की बात कही गई है.

फीफा ने स्वीकार की डेटा तक अनधिकृत पहुंच

फीफा ने इस साइबर हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए माना है कि हैकर्स ने उसकी कुछ निजी और कारोबारी जानकारियों तक अनधिकृत पहुंच बनाई है. हालांकि, संस्था ने अभी तक हमले की सटीक तारीख और इससे प्रभावित लोगों की संख्या का खुलासा नहीं किया है. फीफा के प्रवक्ता के मुताबिक, इस घटना में सीमित मात्रा में निजी और कारोबारी जानकारी तक पहुंच बनाई गई है. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि चोरी हुआ डेटा फीफा के कुल डेटा का 0.1 फीसदी से भी कम है.

कर्मचारियों की पहचान का गलत इस्तेमाल कर किया हमला

रिपोर्ट्स के अनुसार, हैकर्स ने फीफा के सिस्टम में किसी तकनीकी खामी का फायदा उठाने के बजाय कर्मचारियों की पहचान का गलत इस्तेमाल किया. यानी कर्मचारियों के रूप में खुद को पेश कर उन्होंने संस्था के आंतरिक सिस्टम तक पहुंच हासिल की. हालांकि, चोरी हुए सभी दस्तावेजों की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. फीफा ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में बंद हो चुके FIFA Forward Enterprise (FFE) प्रस्ताव से जुड़े दस्तावेज शामिल नहीं हैं.

फीफा ने जांच के लिए एजेंसियों से मिलाया हाथ

मामले की गंभीरता को देखते हुए फीफा ने संबंधित अधिकारियों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी है. संस्था ने डेटा चोरी और उसके सार्वजनिक किए जाने की निंदा की है. खासतौर पर निजी जानकारियों के लीक होने से प्रभावित लोगों को संभावित नुकसान को लेकर चिंता जताई गई है.

पहले भी फुटबॉल संस्थाएं बन चुकी हैं साइबर हमले का निशाना

फीफा पर हुआ यह हमला फुटबॉल जगत में बढ़ते साइबर खतरों की एक और घटना है. इससे पहले नवंबर की शुरुआत में स्पेन की फुटबॉल लीग ला लीगा के एक डिजिटल प्लेटफॉर्म तक भी अनधिकृत पहुंच बनाए जाने की खबर सामने आई थी. वहीं, जुलाई में अर्जेंटीना फुटबॉल महासंघ ने ईमेल लीक होने के बाद संभावित साइबर हमले की जांच शुरू की थी. इन घटनाओं ने खेल संस्थाओं के डिजिटल डेटा की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें- सोलर की उलझन खत्म: पीएम सूर्य घर के 60 सेकंड वाले QR टूल पर 4.57 लाख से ज्यादा स्कैन