18 एंट्री पॉइंट सील, नेशनल हाइवे जाम... चंडीगढ़ में किसानों का हल्ला बोल, करीब 2000 पुलिस जवान तैनात

मंगलवार को पंजाब पुलिस ने राज्यभर में कई किसान नेताओं के घरों पर छापेमारी की और कुछ नेताओं को हिरासत में भी लिया.

Farmers protest in Chandigarh around 2000 police personnel deployed
प्रतीकात्मक तस्वीर | Photo: ANI

चंडीगढ़ में बुधवार को किसानों के प्रदर्शन का माहौल है, जहां पंजाब के किसान टैक्टर मार्च निकालने की योजना बना रहे हैं. इस विरोध प्रदर्शन के चलते चंडीगढ़ के बॉर्डर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. पुलिस ने 18 प्रमुख एंट्री प्वाइंट्स को सील कर दिया है और करीब 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. साथ ही, सात क्षेत्रों की सभी डीएसपी और एसएचओ को भी ड्यूटी पर लगाया गया है.

ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चंडीगढ़ में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा

सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन का स्पष्ट आदेश है कि किसी को भी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चंडीगढ़ में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा. पुलिस अधिकारियों ने इस दिशा में सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं और सभी सुरक्षा इंतजामों को कड़ा कर दिया गया है. इस दौरान चंडीगढ़-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति बन गई है, खासकर जीरकपुर से चंडीगढ़ की ओर बढ़ते वाहनों को बैरिकेडिंग और जांच से गुजरना पड़ रहा है, जिससे लंबा जाम लग गया है.

मंगलवार को पंजाब पुलिस ने राज्यभर में कई किसान नेताओं के घरों पर छापेमारी की और कुछ नेताओं को हिरासत में भी लिया. यह कार्रवाई 5 मार्च को चंडीगढ़ में होने वाले संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के प्रदर्शन से पहले की गई. सोमवार को एसकेएम और पंजाब सरकार के बीच हुई बातचीत विफल होने के बाद पुलिस ने यह कदम उठाया. 

कई प्रमुख किसान नेताओं को गिरफ्तार किया

किसान पिछले साल से पंजाब और हरियाणा की सीमा पर एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) की कानूनी गारंटी समेत अन्य मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. पुलिस ने कई प्रमुख किसान नेताओं को गिरफ्तार किया है, जिनमें बीकेयू (एकता-उगराहां) के नेता जोगिंदर सिंह उगराहां, बीकेयू (राजेवाल) के अध्यक्ष बलबीर सिंह राजेवाल, और कीर्ति किसान यूनियन के नेता राजिंदर सिंह दीप वाला शामिल हैं. कुछ स्थानों पर किसानों ने पुलिस का विरोध किया और स्थानीय पुलिस थानों का घेराव किया.

ये भी पढ़ेंः डोनाल्‍ड ट्रंप ने 2 अप्रैल को लेकर कर दिया बड़ा ऐलान, भारत का भी किया जिक्र; जानिए क्या कहा