Champions Trophy: ऑस्ट्रेलिया या साउथ अफ्रीका? सेमीफाइनल में किसके खिलाफ खेलेगी टीम इंडिया, यहां जानिए

अब फैंस के बीच सवाल यह उठ रहा है कि भारत का अगला सेमीफाइनल मुकाबला किससे होगा.

Champions Trophy Australia or South Africa Who will Team India play against in the semi-finals
टीम इंडिया | Photo: ANI

ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, लेकिन ग्रुप बी में दूसरी टीम का फैसला आज के मुकाबले पर निर्भर है. साउथ अफ्रीका अगर आज के मैच में बड़े अंतर से हारता है, तो उसे सेमीफाइनल में जगह नहीं मिल पाएगी, हालांकि इस स्थिति की संभावना काफी कम नजर आ रही है. वहीं, भारत पहले ही न्यूजीलैंड के साथ सेमीफाइनल में पहुंच चुका है, और अब फैंस के बीच सवाल यह उठ रहा है कि भारत का अगला सेमीफाइनल मुकाबला किससे होगा.

2 मार्च को होगा फैसला

यह अभी साफ नहीं है कि भारत का सेमीफाइनल मुकाबला किस टीम से होगा, क्योंकि यह सब ग्रुप बी के प्वाइंट टेबल पर निर्भर करेगा, जो 2 मार्च को रात तक तय हो जाएगा. अगर भारत 2 मार्च को न्यूजीलैंड को हरा देता है और ग्रुप ए में पहले नंबर पर पहुंचता है, तो उसका सेमीफाइनल मुकाबला ग्रुप बी की दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा.

ग्रुप बी का प्वाइंट टेबल आज के मैच के बाद ही तय होगा. अगर साउथ अफ्रीका आज जीतता है, तो वह ग्रुप बी में पहले स्थान पर आ जाएगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर चला जाएगा. ऐसे में अगर भारत ग्रुप ए में पहले नंबर पर रहता है, तो उसका मुकाबला सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से होगा. वहीं, अगर भारत दूसरे नंबर पर आता है, तो उसका सामना साउथ अफ्रीका से होगा.

शुभमन गिल ने शानदार शतक जड़ा

टीम इंडिया ने अब तक इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है. भारत ने अपने सभी मैचों में जीत हासिल की है. पहले मैच में बांग्लादेश को एक बड़े अंतर से हराया था, जिसमें शुभमन गिल ने शानदार शतक जड़ा था. इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ भी टीम इंडिया ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था, और विराट कोहली ने लंबे समय के बाद शतक लगाकर अपनी फॉर्म वापस पाई थी. अब भारत का अगला मुकाबला 2 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ है, जो यह तय करेगा कि टीम इंडिया ग्रुप ए में किस स्थान पर समाप्त करती है.

ये भी पढ़ेंः अफगानिस्तान के लिए बारिश बनेगी 'सिरदर्द'! अगर साउथ अफ्रीका-इंग्लैंड मैच रद्द हो गया तो कौन खेलेगा सेमीफाइनल?