घर में चाय या कॉफी पीने के लिए इस्तेमाल होने वाले मग अक्सर कभी न कभी टूट जाते हैं. कई बार उनका हैंडल निकल जाता है, तो कभी किनारे से दरार आ जाती है. ऐसे में ज्यादातर लोग उन्हें बेकार समझकर फेंक देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि पुराने और टूटे हुए मग से घर के लिए एक बेहद प्यारा और यूनिक प्लांटर तैयार किया जा सकता है?
इस DIY आइडिया की खास बात यह है कि इसके लिए आपको महंगे गमले खरीदने या ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है. थोड़ी सी एयर ड्राई क्ले, रंग और घर में मौजूद कुछ सामान्य चीजों की मदद से आप पुराने मग को एक मजेदार कार्टून कैरेक्टर का लुक दे सकते हैं. यह प्लांटर पौधे लगाने के साथ-साथ बालकनी, खिड़की या गार्डन की खूबसूरती भी बढ़ाएगा.
टूटे मग से कैसे बनाएं यूनिक हैंगिंग प्लांटर?
इस आइडिया में पुराने मग को एक प्यारे कार्टून कैरेक्टर में बदला जाता है. मग पर आंखें, मुस्कुराता चेहरा, हाथ और पैर बनाए जाते हैं. इसके बाद इसे एक छोटी सी झूले जैसी सीट पर लगाकर हैंगिंग प्लांटर तैयार किया जाता है. इसमें छोटे पौधे लगाकर आप इसे घर के किसी भी कोने में टांग सकते हैं. खासकर बालकनी में यह काफी आकर्षक नजर आएगा.
प्लांटर बनाने के लिए किन चीजों की होगी जरूरत?
इस यूनिक प्लांटर को तैयार करने के लिए आपको कुछ सामान्य चीजों की जरूरत होगी. इनमें पुराना टूटा हुआ चाय या कॉफी का मग, एयर ड्राई क्ले, अलग-अलग रंग के ऐक्रेलिक पेंट, पेंट ब्रश, सैंडपेपर, प्लास्टिक का मजबूत ढक्कन, लकड़ी की पतली डंडियां, क्राफ्ट ग्लू और मजबूत रस्सी या जूट की डोरी शामिल हैं.
इस तरह तैयार करें मग वाला प्लांटर
1. सबसे पहले मग को करें तैयार
सबसे पहले पुराने मग को अच्छी तरह साफ कर लें. अगर उसका हैंडल टूटा हुआ है, तो बचे हुए नुकीले हिस्सों को सावधानी से हटाएं. इसके बाद सैंडपेपर से मग की बाहरी सतह को हल्का रगड़ें, ताकि क्ले और पेंट बेहतर तरीके से चिपक सकें. टूटे हुए मग के नुकीले किनारों से बचने के लिए दस्ताने पहनना बेहतर रहेगा.
2. क्ले से बनाएं हाथ और पैर
अब एयर ड्राई क्ले लेकर उससे छोटे-छोटे हाथ और पैर तैयार करें. हाथों को लकड़ी की पतली डंडियों के सहारे घुमावदार शेप दे सकते हैं. क्ले के पूरी तरह सूखने के बाद इन्हें मग के दोनों तरफ क्राफ्ट ग्लू की मदद से चिपका दें.
3. मग को दें प्यारा कार्टून लुक
अब ऐक्रेलिक पेंट की मदद से मग पर आंखें, बड़ी पलकें और मुस्कुराता हुआ चेहरा बनाएं. आप चाहें तो गालों पर हल्का गुलाबी रंग भी लगा सकते हैं. इससे आपका साधारण सा मग एक प्यारे कार्टून कैरेक्टर जैसा दिखने लगेगा.
4. तैयार करें छोटा सा झूला
अब मग से थोड़ा बड़ा प्लास्टिक का मजबूत ढक्कन लें. इसे झूले की सीट की तरह इस्तेमाल किया जाएगा. ढक्कन पर ब्राउन रंग लगाकर लकड़ी जैसा लुक दे सकते हैं. इसके बाद मग को इसके बीचों-बीच अच्छी तरह चिपका दें.
5. रस्सी की मदद से बनाएं हैंगिंग प्लांटर
अब ढक्कन के चारों तरफ छोटे छेद करें. इनमें जूट की रस्सी डालें और उसे मग के बनाए गए हाथों के आसपास से निकालें. रस्सी के चारों सिरों को ऊपर की तरफ मजबूती से बांध दें. इस तरह आपका हैंगिंग झूले जैसा प्लांटर तैयार हो जाएगा. इसमें छोटे और हल्के पौधे लगाकर बालकनी या खिड़की के पास टांग सकते हैं.
यह भी पढ़ें: सर्दियों में कान्हा के लिए बनाएं ये खास चीज, मिट्टी के कुल्हड़ से तैयार होगा सुंदर मिनी हीटर