ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज कप्तान स्टीव स्मिथ ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में भारत से मिली हार के बाद अपने वनडे करियर को अलविदा कहने का ऐलान किया है. हालांकि, इस फैसले का उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में तुरंत खुलासा नहीं किया था, लेकिन एक दिन बाद ही उन्होंने अपने संन्यास का फैसला सबके सामने रख दिया, जिससे हर कोई चौंक गया. स्टीव स्मिथ को क्रिकेट की दुनिया में एक अहम स्थान प्राप्त था, और वह डॉन ब्रैडमैन के बाद ऑस्ट्रेलिया के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाज माने जाते हैं.
'खेल छोड़ने का सही समय'
स्मिथ ने अपना आखिरी वनडे मैच भारत के खिलाफ खेला, जहां दुबई में भारत से 4 विकेट से मिली हार के साथ ही उनका और उनकी टीम का चैंपियंस ट्रॉफी अभियान समाप्त हो गया. हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि वह टेस्ट और टी20 चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे और शायद 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक में भाग लेने का सपना भी देख रहे हैं, क्योंकि ओलंपिक में क्रिकेट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा.
35 वर्षीय स्टीव स्मिथ ने टीम के साथियों को अपने फैसले से अवगत कराया और कहा कि उन्हें लगता है कि अब खेल छोड़ने का सही समय आ गया है. उन्होंने अपनी यात्रा को लेकर कहा, "यह एक अद्भुत सफर रहा है, और मैंने इसके हर पल का आनंद लिया है. कई शानदार यादें और शानदार लम्हे मेरे साथ रहेंगे. दो विश्व कप जीतना एक शानदार उपलब्धि थी, और इस सफर में कई शानदार साथियों ने योगदान दिया. अब यह समय है जब अगले वनडे विश्व कप (2027) की तैयारी शुरू हो सकती है, और मुझे लगता है कि यह समय सही है."
टेस्ट क्रिकेट उनके लिए प्राथमिकता
स्मिथ ने आगे कहा कि टेस्ट क्रिकेट उनके लिए प्राथमिकता बनी हुई है, और वह आने वाली विश्व टेस्ट चैंपियनशिप, वेस्टइंडीज के खिलाफ सर्दियों में होने वाली सीरीज और फिर इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
ये भी पढ़ेंः बारामूला के ओल्ड टाउन पुलिस पोस्ट के पास ग्रेनेड से संदिग्ध हमला, जम्मू-कश्मीर में अलर्ट