ATF Price Hike: हर महीने की पहली तारीख को ईंधन की कीमतों में बदलाव होता है. 1 नवंबर को एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने के बाद अब हवाई ईंधन यानी एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) भी महंगा हो गया है. इसकी कीमत में करीब 1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. ऐसे में आने वाले दिनों में विमान से सफर करना महंगा हो सकता है.
दिल्ली में 1 नवंबर से एटीएफ की कीमत 137.12 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 138.50 रुपये प्रति लीटर हो गई है. इससे पहले अक्टूबर में भी इसकी कीमत में 13.22 फीसदी यानी करीब 16 रुपये प्रति लीटर का बड़ा इजाफा हुआ था. नवंबर में हुई बढ़ोतरी को मिलाकर देखें तो पिछले दो महीनों में हवाई ईंधन 17 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा महंगा हो चुका है.
एयरलाइंस के कुल खर्च का 40 फीसदी हिस्सा ईंधन पर
एयरलाइंस के लिए एटीएफ की कीमत बढ़ना बड़ी चिंता की बात है. इसकी वजह यह है कि कंपनियों के कुल खर्च में हवाई ईंधन की हिस्सेदारी करीब 35 से 40 फीसदी होती है. ऐसे में ईंधन महंगा होने से एयरलाइंस की लागत बढ़ जाती है और इसका असर हवाई किराये पर भी पड़ सकता है.
लागत बढ़ने पर एयरलाइंस यात्रियों से फ्यूल सरचार्ज के नाम पर अतिरिक्त पैसा वसूल सकती हैं. हालांकि, अभी इस बारे में कोई फैसला नहीं हुआ है. देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने भी कुछ समय पहले किराया बढ़ाने के संकेत दिए थे. ऐसे में एटीएफ की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से हवाई यात्रियों की जेब पर बोझ बढ़ने की आशंका है.