बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान, 3 राज्यों में मचा सकता है तबाही! IMD ने जारी की चेतावनी

अर्नब चक्रवात का असर अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुआ है कि बंगाल की खाड़ी में एक और तूफान का खतरा मंडराने लगा है.

Another cyclonic storm in the Bay of Bengal wreak havoc IMD issues warning
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

नई दिल्ली: अर्नब चक्रवात का असर अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुआ है कि बंगाल की खाड़ी में एक और तूफान का खतरा मंडराने लगा है. दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र शनिवार को डिप्रेशन में बदल गया. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, इसके आगे गहरे दबाव और फिर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है.

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह 11:30 बजे डिप्रेशन का केंद्र दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में था. यह श्री विजयपुरम से करीब 330 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम और निकोबार से 300 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में मौजूद था. अनुमान है कि 2 नवंबर की शाम तक यह आंध्र प्रदेश के तट के पास पहुंच सकता है.

अल नीनो के दौरान कम बनते हैं तूफान

IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र के मुताबिक, उत्तर हिंद महासागर में आमतौर पर हर साल 4 से 5 चक्रवाती तूफान आते हैं. हालांकि, अल नीनो वाले वर्षों में इनकी संख्या सामान्य से कम रहने की संभावना होती है. ऐसे समय में तूफानों की रफ्तार और तीव्रता भी कम हो सकती है.

इस साल प्री-मॉनसून में नहीं बना कोई चक्रवात

इस साल प्री-मॉनसून सीजन में कोई नामित चक्रवाती तूफान नहीं बना. 1980 से 2025 तक के आंकड़ों पर आधारित एक अध्ययन के मुताबिक, 46 साल में 12 बार ऐसा हुआ है, जब प्री-मॉनसून सीजन के दौरान उत्तर हिंद महासागर में कोई नामित चक्रवात नहीं बना.

ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में असर की आशंका

मौसम विभाग ने इस संभावित तूफान के कारण ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में भारी बारिश की आशंका जताई है. इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मछुआरों को समुद्र में न जाने और तट से दूर रहने की सलाह दी गई है.

इन इलाकों में दर्ज हुई भारी बारिश

गंगीय पश्चिम बंगाल, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और तेलंगाना में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है. यहां 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हुई. वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश में 7 से 11 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.

कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 2 और 4 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भारी बारिश हो सकती है. वहीं, 2 से 4 नवंबर के बीच रायलसीमा और 2 से 3 नवंबर के दौरान तेलंगाना में भी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

इसके अलावा, 1 से 4 नवंबर के बीच केरल और माहे, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी भारी बारिश होने की संभावना है.