Constitution Day: संविधान दिवस के अवसर पर दिल्ली बीजेपी की ओर से आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ सेमिनार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संविधान, लोकतंत्र और समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर कई अहम बातें कहीं. उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान करना हर भारतीय की जिम्मेदारी है, लेकिन आजादी के बाद लंबे समय तक इसे केवल सरकार चलाने की गाइडबुक समझा गया. संविधान की मूल भावना और उसके मूल्यों को युवाओं और आम नागरिकों तक पहुंचाने पर उतना ध्यान नहीं दिया गया, जितना दिया जाना चाहिए था.
2015 से संविधान दिवस मनाने की शुरुआत का किया जिक्र
अमित शाह ने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला लिया गया. इसका उद्देश्य संविधान के सर्वोच्च मूल्यों को स्कूलों, कॉलेजों और देश के हर नागरिक तक पहुंचाना था. उन्होंने कहा कि संविधान केवल शासन चलाने का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के अधिकारों का आधार है.
‘संविधान की मूल प्रति को 15 मिनट जरूर दें’- अमित शाह
गृह मंत्री ने लोगों से संविधान की मूल प्रति देखने और उसकी भावना को समझने की अपील की. उन्होंने कहा कि संविधान के अलग-अलग अध्यायों की शुरुआत में बने चित्र भारत की सभ्यता और इतिहास को दर्शाते हैं. इनमें भगवान श्रीराम का अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े चित्र शामिल हैं. शाह ने इन चित्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान की मूल प्रति को देखने से उसकी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक भावना को बेहतर तरीके से समझा जा सकता है. इन चित्रों को प्रसिद्ध कलाकार नंदलाल बोस ने बनाया था.
‘संविधान के दायरे में रहकर ही चलना चाहिए शासन’
अमित शाह ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने सत्ता का अधिकार जनता को दिया और यह भी तय किया कि सरकार को संवैधानिक सीमाओं के भीतर रहकर काम करना होगा. जनता को यह चुनने का अधिकार है कि सत्ता किसे सौंपी जाए, लेकिन सत्ता में आने वालों के लिए संविधान के दायरे में रहकर शासन करना अनिवार्य है. उन्होंने कहा कि प्रस्तावना का हर शब्द एक महान भारत के निर्माण के उद्देश्य से शामिल किया गया है. शाह ने यह भी कहा कि देश में कई बार सत्ता का हस्तांतरण हुआ, लेकिन संवैधानिक प्रक्रिया के कारण कहीं खून की एक बूंद तक नहीं बहनी पड़ी.
नक्सलवाद को लेकर मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
गृह मंत्री ने नक्सलवाद के कारण प्रभावित इलाकों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि बस्तर में आज भी ऐसे बुजुर्ग मिलते हैं, जिनके पास राशन कार्ड नहीं है, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है और जिनके घरों में बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं पहुंची थीं. उन्होंने कहा कि नक्सलवाद ने इन क्षेत्रों को भारी नुकसान पहुंचाया. अमित शाह के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाते हुए नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने की दिशा में काम किया और 21 करोड़ लोगों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने का प्रयास किया.
BJP शासित राज्यों में UCC लागू करने का ऐलान
अमित शाह ने समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने UCC को नीति-निर्देशक तत्वों में शामिल किया था. उनके मुताबिक, धर्म के आधार पर अलग-अलग कानून होने के बजाय हर नागरिक के लिए समान कानून की व्यवस्था होनी चाहिए. शाह ने स्पष्ट कहा कि आने वाले दिनों में जिन राज्यों में बीजेपी की सरकार है, वहां UCC लागू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि धर्म चाहे कोई भी हो, हर नागरिक को समान कानून के तहत जीवन जीने का अधिकार मिलना चाहिए.
ये भी पढ़ें- 26/11 Mumbai Attack: 60 घंटे तक दहली थी मुंबई, 166 लोगों की मौत; 18 साल बाद भी नहीं भूला देश