आईपीएल 2026 से पहले बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को लेकर काफी विवाद हुआ था. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें ऑक्शन में खरीदा था, लेकिन बाद में उन्हें टीम से रिलीज कर दिया गया. उस समय बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमलों की खबरों को लेकर भारत में विरोध देखने को मिला था. इसके बाद बीसीसीआई के निर्देश पर केकेआर ने मुस्तफिजुर को सीजन शुरू होने से पहले ही रिलीज कर दिया था. अब आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले एक बार फिर बांग्लादेशी खिलाड़ियों की एंट्री चर्चा में है. इस बार बांग्लादेश के कुल 7 खिलाड़ियों ने ऑक्शन के लिए अपना नाम दिया है, जिसमें मुस्तफिजुर रहमान भी शामिल हैं.
आगामी आईपीएल सीजन के लिए 16 दिसंबर को मिनी ऑक्शन होना है. इसके लिए बीसीसीआई ने अलग-अलग देशों के क्रिकेट बोर्ड से संपर्क किया था. इसी प्रक्रिया के तहत बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को भी शामिल किया गया. ऐसे में पिछले सीजन में हुए विवाद के करीब 10 महीने बाद बांग्लादेशी खिलाड़ियों का ऑक्शन में नाम आना चर्चा का विषय बन गया है.
ऑक्शन के लिए बांग्लादेश के 7 खिलाड़ियों ने दिया नाम
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश के सात क्रिकेटरों ने आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन के लिए अपना नाम भेजा है. इस लिस्ट में तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के अलावा नाहिद राणा, रिशाद हुसैन, हसन महमूद, तौहीद हृदोय, तस्कीन अहमद और शोरफुल इस्लाम शामिल हैं.
हालांकि, आईपीएल की ओर से अभी तक ऑक्शन में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है. इससे पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी को अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची देनी होगी. इसके बाद ही ऑक्शन के लिए खिलाड़ियों की अंतिम लिस्ट सामने आएगी. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि बांग्लादेश के इन सात खिलाड़ियों में से कितनों को ऑक्शन में जगह मिलती है और क्या कोई फ्रेंचाइजी उन पर बोली लगाती है.
बांग्लादेश ने किया था टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बहिष्कार
मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर से रिलीज किए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी नाराजगी जताई थी. इसके बाद दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई थी.
दरअसल, भारत में आयोजित होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बांग्लादेश ने अपने मैच किसी दूसरे देश में कराने की मांग की थी. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए न्यूट्रल वेन्यू की मांग रखी थी. हालांकि, उसकी यह मांग स्वीकार नहीं की गई. इसके बाद बांग्लादेश ने टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था. अब आईपीएल 2027 के ऑक्शन में सात बांग्लादेशी खिलाड़ियों के नाम आने से एक बार फिर यह मामला चर्चा में है.