Suvendu Adhikari News: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने साधु-संतों के सामने साफ कहा कि राज्य में अब हालात बदल चुके हैं. उन्होंने कहा कि संतों और महंतों का अपमान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल जाना पड़ सकता है.
यह बयान बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री यानी बागेश्वर बाबा की तस्वीर जलाने के मामले के बाद आया है. दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहारी भोजन को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी के बाद बंगाल में विवाद शुरू हुआ था. भवानीपुर में उनकी तस्वीर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया था. इसके बाद कांग्रेस नेता अतनु दास को तस्वीर जलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया.
साधु-संतों का अपमान किया तो होगी कार्रवाई
रविवार को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में करीब 11 हजार लोगों की मौजूदगी में गीतापाठ का आयोजन हुआ. इसी दौरान शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सरकार गौमाता की रक्षा करेगी और साधु-संतों का अपमान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि 29 दिसंबर को 10 लाख लोगों के साथ गीतापाठ का आयोजन किया जाएगा और इसमें आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के शामिल होने की उम्मीद है.
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बागेश्वर बाबा जब बंगाल आए थे, तब संतों और महंतों ने अपनी बात रखी थी. उन्होंने कहा कि भारत एक आजाद देश है और हर व्यक्ति संविधान के दायरे में अपनी बात रखने के लिए स्वतंत्र है. लेकिन धीरेंद्र शास्त्री की तस्वीर जलाने की घटना को लेकर उन्होंने कार्रवाई का जिक्र किया.
उन्होंने कहा कि विधानसभा में भी उन्होंने साफ कर दिया था कि साधु-संतों और महंतों का अपमान करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी. उनके मुताबिक, तस्वीर जलाने के मामले में उसी रात गिरफ्तारी कराई गई. तस्वीर जलाने के आरोप में कांग्रेस नेता अतनु दास की गिरफ्तारी की पुष्टि पुलिस और कई मीडिया रिपोर्टों ने की है.
‘टीका, शिखा, धोती, तुलसी की सरकार’
शुभेंदु अधिकारी ने अपने भाषण में धार्मिक गतिविधियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अब लोग खुलकर गीता पढ़ सकते हैं, हनुमान चालीसा का पाठ कर सकते हैं, हरे कृष्ण मंत्र का जाप कर सकते हैं और शंख-मृदंग बजा सकते हैं.
उन्होंने कहा कि लोगों को डरने की जरूरत नहीं है और समय बदल गया है. इसी दौरान उन्होंने कहा कि अब ‘टीका, शिखा, धोती, तुलसी की सरकार’ आ गई है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार गाय की रक्षा के लिए काम करेगी.
एकजुट रहने की अपील
शुभेंदु अधिकारी ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से एकजुट रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाली ताकतों को लेकर सभी को सतर्क रहना चाहिए. उन्होंने अपने भाषण में ‘कश्मीर मांगे आजादी’ जैसे नारे लगाने वालों और ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ का भी जिक्र किया और लोगों से उनके खिलाफ एकजुट रहने की अपील की.
ये भी पढ़ें- UK एयरबेस पर हमले का अलर्ट? RAF Fairford की बढ़ी सुरक्षा, खाली कराए गए आसपास के घर