40 देश, 80 विमान और सैकड़ों फाइटर पायलट... शुरू हुआ भारतीय वायुसेना का युद्धाभ्यास 'तरंग शक्ति'

भारतीय वायुसेना का बड़ा हवाई अभ्यास ‘तरंग शक्ति-2026’ शनिवार, 26 सितंबर से राजस्थान के जोधपुर एयरबेस पर शुरू हो गया है. यह अभ्यास 12 अक्टूबर तक चलेगा.

the Indian Air Forces military exercise Tarang Shakti has begun In Jodhpur
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Tarang Shakti: भारतीय वायुसेना का बड़ा हवाई अभ्यास ‘तरंग शक्ति-2026’ शनिवार, 26 सितंबर से राजस्थान के जोधपुर एयरबेस पर शुरू हो गया है. यह अभ्यास 12 अक्टूबर तक चलेगा. इसमें भारत के साथ अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, यूएई, बांग्लादेश और श्रीलंका सीधे अपने लड़ाकू विमानों और सैन्य संसाधनों के साथ हिस्सा ले रहे हैं. वहीं, 32 दूसरे देश इस अभ्यास में पर्यवेक्षक के तौर पर शामिल हुए हैं.

इस युद्धाभ्यास में भारत के तेजस, सुखोई-30 MKI और राफेल जैसे लड़ाकू विमानों के साथ अमेरिका के F-35 और यूएई के F-16 भी अपनी ताकत दिखाएंगे. कुल मिलाकर अभ्यास में करीब 80 विमान, 40 देशों के प्रतिनिधि और 1500 सैन्यकर्मी हिस्सा ले रहे हैं.

भारतीय वायुसेना ने मित्र देशों का किया स्वागत

अभ्यास शुरू होने के मौके पर भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर विदेशी वायुसेनाओं के दलों का स्वागत किया. IAF ने कहा कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से जोधपुर पहुंचे उसके दोस्तों का गर्मजोशी से स्वागत है. वायुसेना ने सभी देशों के दलों को भारत और ‘तरंग शक्ति’ अभ्यास में शामिल होने के लिए शुभकामनाएं दीं.

आसमान में दिखेगी कई देशों के फाइटर जेट की ताकत

‘तरंग शक्ति’ में कई आधुनिक लड़ाकू विमान हिस्सा ले रहे हैं. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा अमेरिका के छह F-35 स्टील्थ फाइटर जेट की है. पांचवीं पीढ़ी के ये विमान पहली बार भारत में किसी हवाई अभ्यास में शामिल हो रहे हैं. इसके अलावा फ्रांस के सात राफेल, यूएई के छह F-16 विमान भी अभ्यास का हिस्सा हैं.

अभ्यास में MRTT, KC-135 और ऑस्ट्रेलिया का C-130 विमान भी शामिल है. भारतीय वायुसेना की ओर से सुखोई-30, तेजस, मिराज-2000 और राफेल जैसे लड़ाकू विमान अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे.

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दी प्रतिक्रिया

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी ‘तरंग शक्ति’ में अमेरिकी वायुसेना की भागीदारी पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने बताया कि अमेरिकी वायुसेना के छह F-35 लाइटनिंग विमान और 200 से ज्यादा वायुसैनिक जोधपुर पहुंच चुके हैं.

उन्होंने कहा कि अमेरिकी F-35 पहली बार ‘तरंग शक्ति’ अभ्यास में हिस्सा ले रहे हैं और इन पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों को भारत में अभ्यास करते देखना खास अनुभव होगा.