LoC पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, बारूदी सुरंग में धमाके से लश्कर के टॉप कमांडर समेत 4 आतंकी ढेर

कृष्णा घाटी सेक्टर के सतवाल-नाकी गांव के आसपास सोमवार को बारूदी सुरंग में जोरदार विस्फोट हुआ. बताया जा रहा है कि उस समय पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश की जा रही थी.

poonch-loc-blast-lashkar-commander-four-terrorists-landmines
Image Source: ANI

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हलचल तेज हो गई है. कृष्णा घाटी सेक्टर के सतवाल-नाकी गांव के आसपास सोमवार को बारूदी सुरंग में जोरदार विस्फोट हुआ. बताया जा रहा है कि उस समय पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश की जा रही थी. सूत्रों के मुताबिक, धमाके में लश्कर-ए-ताइबा के शीर्ष कमांडर मोहम्मद फैजान समेत चार आतंकवादियों के मारे जाने की खबर है. हालांकि, भारतीय अधिकारियों की ओर से मृतकों या घायलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. घटना के बाद भारतीय सेना और सीमा सुरक्षा बल ने अग्रिम चौकियों पर सतर्कता बढ़ा दी है.

चार आतंकियों के मारे जाने की खबर

अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट सोमवार को जीरो लाइन के पास हुआ, जहां पाकिस्तानी क्षेत्र से भारतीय सीमा की ओर घुसपैठियों की गतिविधियां देखे जाने की बात सामने आई. सूत्रों ने दावा किया कि धमाके में मारे गए चारों आतंकवादी गुलाम कश्मीर के पुंछ जिले की हाजीरा तहसील के मंडला और मदारपुर गांवों के रहने वाले थे. उनकी पहचान लश्कर-ए-ताइबा के कमांडर मोहम्मद फैजान, मोहम्मद इश्तियाक, मोहम्मद वकास और मोहम्मद आसिम के रूप में बताई गई है. घटना को लेकर पाकिस्तान की ओर से सोशल मीडिया पर भी एक पोस्ट सामने आया है, जिसमें आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया. हालांकि, इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

धमाके के बाद LoC पर बढ़ाई गई निगरानी

कृष्णा घाटी सेक्टर में हुए विस्फोट के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. भारतीय सेना और सीमा सुरक्षा बल ने अग्रिम चौकियों पर हाई अलर्ट जारी करते हुए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया है. अधिकारियों के मुताबिक, इस कदम का उद्देश्य घुसपैठ की किसी अन्य संभावित कोशिश को रोकना और सीमा पर सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक को नाकाम करना है. नियंत्रण रेखा के संवेदनशील इलाकों में जवानों की सतर्कता बढ़ा दी गई है. सुरक्षा एजेंसियां आसपास के क्षेत्र में गतिविधियों पर नजर रख रही हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध हलचल पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.

मेंढर सेक्टर में मिलीं दो लैंडमाइन

पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में भी सोमवार को सुरक्षा बलों ने संभावित खतरे को टाल दिया. बसोनी इलाके में सीमा सुरक्षा बाड़ के पास ट्रैक निर्माण का काम चल रहा था, तभी जवानों को जमीन में दबी दो बारूदी सुरंगें दिखाई दीं. पहली लैंडमाइन सुबह करीब 8 बजकर 25 मिनट पर और दूसरी दोपहर लगभग 12 बजकर 10 मिनट पर मिली. सूचना मिलने के बाद बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर दोनों लैंडमाइन को निष्क्रिय कर दिया. कृष्णा घाटी में विस्फोट और मेंढर में बारूदी सुरंगों की बरामदगी के बाद सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. 

ये भी पढ़ें: Kal Ka Mausam: दिल्ली-NCR में फिर बरसेंगे बादल! यूपी-राजस्थान समेत 23 राज्यों में बारिश का अलर्ट