PM Modi Chennai Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के दौरे पर रहेंगे, जहां शहर और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई रफ्तार देने के लिए 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा. इन योजनाओं में मेट्रो रेल, हाईवे, रेलवे, बंदरगाह, पेट्रोलियम और शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं. प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, इस दौरे का मकसद परिवहन कनेक्टिविटी बेहतर करने, लॉजिस्टिक्स सुविधाओं का विस्तार करने और वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने वाली परियोजनाओं को आगे बढ़ाना है.
मेट्रो और हाईवे पर बड़ा फोकस
प्रधानमंत्री के दौरे की प्रमुख परियोजनाओं में चेन्नई मेट्रो के फेज-2 का करीब 4,900 करोड़ रुपये का पूनामल्ली-वडापलानी कॉरिडोर शामिल है. लगभग 3.7 किलोमीटर लंबे डबल-डेकर स्ट्रक्चर और ड्राइवरलेस संचालन के लिए डिजाइन किए गए सिग्नलिंग सिस्टम वाली इस परियोजना से शहर के पश्चिमी उपनगरों और मध्य हिस्सों के बीच आवाजाही आसान होने की उम्मीद है. पीएम मोदी सुबह 11:30 बजे पूनामल्ली बाईपास से पोरुर बाईपास तक मेट्रो की सवारी करेंगे और वापस लौटेंगे. इसके अलावा, करीब 3,700 करोड़ रुपये के हाईवे प्रोजेक्ट्स में एनएच-744 का 36 किलोमीटर लंबा चार-लेन वाला वडुगापट्टी-थेरकुवेंगनल्लूर सेक्शन और एनएच-744ए का 30 किलोमीटर लंबा मदुरै रिंग रोड शामिल है. एनएच-83 पर तिरुवरुर बाईपास को भी चार लेन का बनाने की आधारशिला रखी जाएगी.
रेलवे और बंदरगाह परियोजनाओं से बढ़ेगी परिवहन क्षमता
रेलवे क्षेत्र में 750 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा. इनमें कराईकल-पेरालम रेल लाइन और कोयंबटूर व आसपास के क्षेत्रों में तीन रेल फ्लाईओवर शामिल हैं. इसके साथ ही पलानी, वेल्लोर छावनी, अंबासमुद्रम, परमाकुडी और नमक्कल रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकसित स्वरूप का उद्घाटन किया जाएगा. बंदरगाहों के विकास पर भी विशेष जोर रहेगा. चेन्नई पोर्ट पर बेहतर स्टोरेज, वेयरहाउस, क्रूज यात्रियों के लिए सुविधाओं और सीफेयरर्स क्लब से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं. वहीं, वी.ओ. चिदंबरनार पोर्ट की आठ परियोजनाओं का उद्देश्य कार्गो क्षमता बढ़ाना, स्वच्छ समुद्री ऊर्जा को प्रोत्साहित करना और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं को मजबूत करना है. कामराजार पोर्ट पर प्रधानमंत्री कोल बर्थ-III का उद्घाटन करेंगे और ड्रेजिंग कार्य की शुरुआत करेंगे.
उद्योग और रिसर्च को बढ़ावा
चेन्नई दौरे के दौरान पीएम मोदी मनाली रिफाइनरी में चेन्नई पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (CPCL) की 1,620 करोड़ रुपये की लुब्रिकेंट बेस स्टॉक परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे. इसकी प्रस्तावित वार्षिक उत्पादन क्षमता 2.70 लाख टन होगी. इसके बाद आईआईटी मद्रास में सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर को देश को समर्पित किया जाएगा. यहां 100 से अधिक मानव मस्तिष्कों का त्रि-आयामी सेलुलर एटलस तैयार करने के मिशन की शुरुआत होगी. प्रधानमंत्री 'सी-स्ट्रोक' भी जारी करेंगे, जिसमें स्ट्रोक से प्रभावित मस्तिष्क के 1,000 से अधिक एनोटेटेड माइक्रोस्कोपिक सेक्शन शामिल हैं. इन वैज्ञानिक पहलों से शोधकर्ताओं को मस्तिष्क की संरचना समझने और संभावित उपचार के नए लक्ष्यों की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
स्कूल के गोल्डन जुबली समारोह में भी होंगे शामिल
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह 11:30 बजे मेट्रो यात्रा के बाद वह दोपहर 12:15 बजे जलकंडेश्वर मंदिर जाएंगे और फिर आईआईटी मद्रास के ब्रेन सेंटर का दौरा करेंगे. मुख्य विकास कार्यक्रम और संबोधन दोपहर 1:30 बजे निर्धारित है. इसके बाद शाम से पहले करीब 3 बजे पीएम मोदी जयगोपाल गारोडिया हिंदू विद्यालय मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे. मेट्रो, सड़क, रेल, बंदरगाह और वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ी इन परियोजनाओं के जरिए तमिलनाडु में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, परिवहन व्यवस्था बेहतर बनाने और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर जोर रहेगा.
ये भी पढ़ें: दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए गए अभिजीत दिपके-सौरव दास और आशुतोष, फ्लाइट के अंदर पहुंची पुलिस