पीएम मोदी के नाम पर होगा जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, यूपी चुनाव से पहले योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी

उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट करने के प्रस्ताव को योगी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है.

yogi cabinet Jewar airport renamed narendra modi international airport
Image Source: ANI

Noida Airport: उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट करने के प्रस्ताव को योगी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोकभवन में कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी. अब इस एयरपोर्ट को नए नाम से पहचान देने की तैयारी है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से उत्तर प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिल रहा है. एयरपोर्ट का विस्तार भी चार चरणों में किया जाना है. इसके पूरा होने के बाद यह देश के प्रमुख विमानन केंद्रों में शामिल हो सकता है.

पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर प्रस्ताव

सीएम योगी ने बताया कि कैबिनेट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 साल की सार्वजनिक सेवा के सम्मान में विशेष प्रस्ताव भी पारित किया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक अपने कार्यकाल में जनसेवा की लंबी यात्रा पूरी की है.

मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से उत्तर प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे का विस्तार हो रहा है. उन्होंने काशी से प्रधानमंत्री के जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में इसकी अहम भूमिका रही है.

जून में शुरू हुई थीं उड़ानें

नोएडा के जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च 2026 को हुआ था और यहां से 15 जून से उड़ानें शुरू हुई थीं. इसके पहले चरण में करीब 3,300 एकड़ जमीन पर टर्मिनल और रनवे तैयार किए गए हैं. इस चरण में सालाना करीब 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता बताई गई है.

एयरपोर्ट का निर्माण चार चरणों में पूरा करने की योजना है. सभी चरण पूरे होने के बाद इसकी क्षमता में काफी बढ़ोतरी होगी.