संगारेड्डी (तेलंगाना) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस और बाकी विपक्ष को जमकर निशाने पर लिया. उन्होंने परिवारवाद को लेकर विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके लिए पहले परिवार है और हमारे लिए पूरा देश ही परिवार है. पीएम मोदी तेलंगाना के संगारेड्डी की एक जनसभा में ये बात कही.
पीएम ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा, "आज जब मोदी आपसे और आपके परिवार को दी गई गारंटी को पूरा करने में लगा है, तो कांग्रेस और उसके साथी मोदी को और मोदी के परिवार को गाली देने पर उतर आए हैं. इसका कारण है - क्योंकि मैं इनके सैंकड़ों हजारों रुपयों के घोटालों की पोल खोल रहा हूं. मैं इन लोगों के परिवारवाद के खिलाफ आवाज उठा रहा हूं."
जब मैं परिवारवाद का विरोध करता हूं, जब मैं कहता हूं कि परिवारवाद लोकतंत्र के लिए खतरा है, तो ये लोग जवाब नहीं देते बल्कि उल्टा कहते हैं कि मोदी का कोई परिवार ही नहीं है.
वो कहते हैं - Family First मोदी कहता है - Nation First उनके लिए उनका परिवार भी सब कुछ है. मेरे लिए देश का हर परिवार सब कुछ है. इन्होंने अपने परिवार के हितों के लिए देशहित को बलि चढ़ा दिया. मोदी ने देशहित के लिए खुद को खपा दिया है.
प्रधानमंत्री ने कहा, "वे 'परिवार प्रथम' में विश्वास करते हैं, और मैं 'राष्ट्र प्रथम' में विश्वास करता हूं. उनके लिए उनका परिवार ही सब कुछ है; मेरे लिए मेरा देश ही सब कुछ है. वे अपने परिवार के कल्याण के लिए राष्ट्र का बलिदान कर देते हैं; मैंने राष्ट्र के कल्याण के लिए अपना बलिदान दिया है.'
पीएम ने कहा, "कांग्रेस और उसके गठबंधन सहयोगी मुझ पर व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रहे हैं. इसका कारण यह है कि मैं उनके रहस्यों और घोटालों का पर्दाफाश कर रहा हूं. मैं कभी किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करता, बस इतना कहता हूं कि वे "परिवारवादी" हैं. मैं परिवारवाद की निंदा करता हूं क्योंकि यह लोकतंत्र के लिए खतरा है, यह प्रतिभा को बढ़ने नहीं देता है और देश के साथ-साथ व्यक्तियों के विकास में बाधा डालता है."
यह भी पढे़ं : 'मोदी हिंदू नहीं हैं'- लालू यादव के इस बयान के विरोध में BJP नेताओं ने PM Modi के समर्थन में X पर बदला अपना बायो
मोदी ने कहा- परिवारवादी देश से बाहर खाते खोलते हैं और मैं जन-धन खाता खोलता हूं
पीएम मोदी ने परिवारवादी पार्टियों के सदस्यों पर काला धन रखने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, "ये लोग अपना काला धन छुपाने के लिए भारत के बाहर बैंक खाते खोलते हैं, जबकि मैं गरीबों को जन धन खाते खोलने और उनके विकास को गति देने में मदद करता हूं."
उन्होंने कहा कि परिवारवादी आलीशान घरों में रहते हैं, जबकि मैं यह सुनिश्चित करता हूं कि गरीबों को पक्के घरों में सोने को मिले. परिवारवादियों ने अपने बच्चों के उत्थान के लिए भारत के संसाधनों को बेच दिया, जबकि मैं आपके बच्चों के सपनों को हकीकत में बदलने का प्रयास करता हूं. 140 करोड़ भारतीय मेरा परिवार हैं!
प्रधानमंत्री ने कहा- मोदी जो कहता वो करके दिखाता है
आप भी जानते हैं कि मोदी जो कहता है, वो करके दिखाता है. मैनें आप से कहा था कि हम सब मिलकर भारत को पूरे विश्व में एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगे. आज आप देख रहे हैं कि कैसे भारत पूरे विश्व में आशा की किरण बनकर नई ऊंचाई छू रहा है.
मोदी ने कहा, "हमने अपने वादे पूरे किये हैं. चाहे अनुच्छेद 370 को हटाना हो या अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा, हमने जो भी 'गारंटी' दी थी, वह पूरी हो चुकी है. भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है. आज मैं आपको एक और गारंटी देना चाहता हूं- आने वाले वर्षों में हम भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएंगे."
'बीआरएस-कांग्रेस के बीच घोटाला बंधन'
पीएम मोदी तेलंगाना में बीआरएस-कांग्रेस सांठगाठ का आरोप लगाते हुए कहा, "BRS हो या कांग्रेस दोनों एक जैसी ही पार्टियां हैं. BRS और कांग्रेस में गठबंधन है या नहीं ये तो तेलंगाना वाले बताएंगे. लेकिन दुनिया को ये पता है कि BRS और कांग्रेस के बीच घोटाला बंधन बहुत मजबूत है. घोटाला बंधन यानी तेलंगाना की लूट में दोनों एक दूसरे को कवर फायर देते हैं."
कांग्रेस ने तेलंगाना को अपना नया एटीएम बनाया है. ऐसा व्यवहार लंबे समय तक नहीं चलेगा... मोदी सरकार सर्जिकल स्ट्राइक या हवाई हमले करने से पहले नहीं हिचकिचाती.' विकसित भारत के निर्माण में हमारा सहयोग करें. "अबकी बार, 400 पार!"