Ramayana Film Update: रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ इस साल की सबसे मच अवेटेड फिल्मों में से एक है. हाल ही में, 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के मौके पर इस फिल्म का टीजर रिलीज़ हुआ था, जिसमें रणबीर कपूर के राम के किरदार की पहली झलक दिखाई गई. इस टीजर को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया मिलीजुली रही है. इसी बीच, रणबीर कपूर ने फिल्म ‘रामायण’ के रनटाइम के बारे में भी खुलासा किया है.
रामायण का स्क्रीनटाइम कितना होगा?
रणबीर कपूर ने हाल ही में LA में आयोजित राम के लुक के टीज़र लॉन्च के दौरान फिल्म के दोनों पार्ट्स के रनटाइम के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि उनके पास लगभग 6 घंटे का फुटेज है और पार्ट 2 की कुछ शूटिंग बाकी है, इसलिए दोनों फिल्मों का रनटाइम शायद 3 घंटे से ज़्यादा होगा. रणबीर कपूर ने कोलाइडर से बातचीत करते हुए कहा, “यह द लॉर्ड ऑफ़ द रिंग्स से कम नहीं है. यह हमारे देश का सबसे बड़ा एपिक सीन है. यह तो सिर्फ टीज़र था. हमारे पास 6 घंटे के शानदार विज़ुअल्स, एक्शन सीक्वेंस और इमोशन्स हैं.”
क्या रामायण में रणबीर कपूर का डबल रोल है?
रणबीर कपूर ने इस चैट में अपनी डबल रोल को भी कन्फर्म किया. फिल्म में वे भगवान राम का रोल निभा रहे हैं, लेकिन कुछ समय के लिए वे परशुराम के किरदार में भी नजर आएंगे, जो राम से पहले भगवान विष्णु के अवतार थे. रणबीर ने कहा, “भगवान विष्णु के कई अवतार थे. भगवान राम एक अवतार थे, और भगवान परशुराम राम से पहले एक अवतार थे. मुझे यह मौका मिलना बहुत शानदार है."
रणबीर ने यह भी कहा, “मुझे लगता है कि एक एक्टर के तौर पर, अगर आप किरदारों की स्पिरिचुअलिटी और इमोशन्स को समझते हैं, तो सब कुछ वहीं से शुरू होता है. रामायण की शूटिंग से पहले मैंने यही किया था, ताकि मैं समझ सकूं कि ये किरदार कौन हैं और उनका उद्देश्य क्या है.”
रामायण की स्टार कास्ट और रिलीज डेट
रामायण की स्टार कास्ट की बात करें तो नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं, वहीं साईं पल्लवी देवी सीता के रोल में नजर आएंगी. केजीएफ स्टार यश को रावण के किरदार में कास्ट किया गया है. इसके अलावा, सनी देओल फिल्म में हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखेंगे. काजल अग्रवाल और रकुल प्रीत सिंह मंदोदरी और सूर्पणखा के रोल में दिखाई देंगी.
फिल्म में अरुण गोविल, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, शीबा चड्ढा और इंदिरा कृष्णन भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगे. रामायण पार्ट 1 इस दिवाली 2026 को थिएटर में रिलीज़ होगी, जबकि पार्ट 2 दिवाली 2027 पर रिलीज़ किया जाएगा. इस फिल्म को लेकर दर्शकों का एक्साइटमेंट बढ़ता जा रहा है, और फिल्म के शानदार विज़ुअल्स और दमदार कास्टिंग के साथ यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाल मचा सकती है.
ये भी पढ़ें- 'धुरंधर 2' ने इस हिस्से में मचाई तबाही, पुष्पा 2 और जवान सहित इन फिल्मों को पछाड़ा; जानें टोटल कलेक्शन