व्हाट्सऐप आज सिर्फ चैटिंग का जरिया नहीं रह गया है, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. बातचीत से लेकर वीडियो कॉल, फोटो-वीडियो शेयरिंग और जरूरी जानकारी भेजने तक, करोड़ों लोग हर दिन इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि, व्हाट्सऐप की सुविधाओं के साथ कुछ नियम भी जुड़े हैं, जिनका उल्लंघन करने पर यूजर के अकाउंट पर कार्रवाई हो सकती है और गंभीर मामलों में अकाउंट बैन भी किया जा सकता है.
अनचाहे मैसेज भेजने से बचें
अगर कोई व्यक्ति साफ तौर पर आपसे कहता है कि उसे मैसेज न भेजें, तो उसकी बात को नजरअंदाज करना परेशानी का कारण बन सकता है. किसी ऐसे व्यक्ति को लगातार मैसेज भेजना, जिसने संपर्क करने से मना किया हो, स्पैमिंग की श्रेणी में आ सकता है. इसलिए बेहतर है कि ऐसे नंबर को दोबारा मैसेज करने से बचें. लगातार शिकायत मिलने पर व्हाट्सऐप संबंधित अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है.
Bulk और Automated Messaging से रहें दूर
एक साथ बड़ी संख्या में लोगों को मैसेज भेजना या ऑटोमेटेड तरीके से मैसेजिंग और कॉलिंग करना व्हाट्सऐप के नियमों के खिलाफ हो सकता है. प्लेटफॉर्म संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के लिए तकनीकी सिस्टम और यूजर्स की रिपोर्ट्स, दोनों का इस्तेमाल करता है. अनधिकृत ऑटोमेशन, बड़े पैमाने पर मैसेज भेजने वाले अकाउंट और व्हाट्सऐप की नकल करने वाले अनऑफिशियल ऐप्स का इस्तेमाल भी जोखिम भरा हो सकता है.
बिना अनुमति किसी का कॉन्टैक्ट डेटा इस्तेमाल न करें
किसी दूसरे व्यक्ति का फोन नंबर या कॉन्टैक्ट डेटा उसकी अनुमति के बिना हासिल करना या उसका गलत तरीके से इस्तेमाल करना भी परेशानी खड़ी कर सकता है. खासकर गैरकानूनी तरीके से जुटाए गए नंबरों का इस्तेमाल करके लोगों को मैसेज भेजना या उन्हें व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ना प्लेटफॉर्म के नियमों का उल्लंघन माना जा सकता है. इसलिए किसी की निजी संपर्क जानकारी का इस्तेमाल उसकी अनुमति के बिना नहीं करना चाहिए.
Broadcast List का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल न करें
व्हाट्सऐप की Broadcast List सुविधा उपयोगी है, लेकिन इसका इस्तेमाल भी सोच-समझकर करना चाहिए. ब्रॉडकास्ट के जरिए भेजे गए मैसेज आमतौर पर उन्हीं लोगों तक पहुंचते हैं, जिन्होंने आपका नंबर अपने फोन में सेव किया हुआ है. अगर कोई यूजर लगातार बड़ी संख्या में अनचाहे ब्रॉडकास्ट मैसेज भेजता है और लोग उसके नंबर को रिपोर्ट करने लगते हैं, तो अकाउंट पर कार्रवाई का जोखिम बढ़ सकता है.
दूसरे यूजर्स की निजी जानकारी इकट्ठा न करें
व्हाट्सऐप पर दूसरे लोगों की व्यक्तिगत जानकारी को ऑटोमेटेड तरीके से इकट्ठा करना भी नियमों के दायरे में आता है. फोन नंबर, प्रोफाइल फोटो, स्टेटस या दूसरी जानकारी को बिना अनुमति व्यवस्थित तरीके से जुटाना या उसका गलत इस्तेमाल करना प्लेटफॉर्म की शर्तों के खिलाफ हो सकता है. इसलिए किसी दूसरे यूजर की निजी जानकारी का इस्तेमाल उसकी सहमति के बिना नहीं करना चाहिए.
WhatsApp Terms of Service का रखें ध्यान
व्हाट्सऐप के Terms of Service में कई ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाई गई है, जो प्लेटफॉर्म या दूसरे यूजर्स के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं. इनमें गैरकानूनी गतिविधियां, धमकी या डराने-धमकाने वाला व्यवहार, हेट स्पीच, नस्लीय या जातीय रूप से आपत्तिजनक कंटेंट और गलत या भ्रामक जानकारी फैलाने जैसी गतिविधियां शामिल हो सकती हैं. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर व्हाट्सऐप अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है.
अकाउंट को बैन होने से कैसे बचाएं?
व्हाट्सऐप अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए सबसे जरूरी है कि प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल जिम्मेदारी से किया जाए. किसी ऐसे व्यक्ति को बार-बार मैसेज न करें, जो संपर्क नहीं करना चाहता. बड़े पैमाने पर अनचाहे या ऑटोमेटेड मैसेज भेजने से बचें और किसी दूसरे व्यक्ति की निजी जानकारी का बिना अनुमति इस्तेमाल न करें. इसके अलावा, व्हाट्सऐप के Terms of Service और अन्य लागू नियमों का पालन करना जरूरी है. इन बातों का ध्यान रखने से अकाउंट पर कार्रवाई होने की आशंका को कम किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: AC, TV, फ्रिज खरीदने का बना रहे हैं प्लान? 1 अक्टूबर से बढ़ सकते हैं दाम, जानें कितनी बढ़ेंगी कीमतें