West Bengal Election Result: कोलकाता से आ रही ताजा जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होती जा रही है. शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) मजबूत स्थिति में नजर आ रही है और बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंच चुकी है. इससे राज्य की सियासत में बड़ा बदलाव होने के संकेत मिल रहे हैं.
सुबह करीब 10 बजे तक के रुझानों के अनुसार बीजेपी लगभग 147 सीटों पर बढ़त बनाती दिखाई दी, जो बहुमत के आंकड़े 148 के बेहद करीब है. वहीं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) करीब 107 सीटों पर आगे चल रही थी. इसके अलावा कांग्रेस कुछ सीटों पर बढ़त बनाए हुए है.
हालांकि चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरुआती अपडेट में कम सीटों पर बढ़त दिखाई गई थी, जो यह संकेत देता है कि जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ेगी, आंकड़ों में बदलाव संभव है.
मतगणना पर कड़ी नजर, विजय रैलियों पर रोक
चुनाव परिणामों के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. राज्य में किसी भी उम्मीदवार को जीत के बाद विजय रैली निकालने की अनुमति नहीं दी गई है. यह फैसला कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया है.
विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि चुनाव परिणामों के दिन किसी भी तरह के जश्न या रैली पर रोक रहेगी. साथ ही, कुछ शिकायतों की भी जांच की जा रही है, जिनमें आरोप है कि कुछ राजनीतिक दलों के एजेंट मतगणना केंद्रों तक नहीं पहुंच पाए.
23 जिलों के 77 केंद्रों पर जारी है गिनती
राज्य के पश्चिम बंगाल के 23 जिलों में कुल 77 मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती जारी है. इस चुनाव में कुल 2,926 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला आज हो रहा है.
हालांकि विधानसभा की कुल 294 सीटों में से केवल 293 सीटों पर ही मतगणना हो रही है. फाल्टा सीट पर चुनाव के दौरान गड़बड़ी के कारण मतदान रद्द कर दिया गया था. यहां 21 मई को दोबारा मतदान होगा और 24 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे.
रिकॉर्ड मतदान ने बढ़ाई उत्सुकता
इस बार पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया है. भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, राज्य में करीब 92.47 प्रतिशत वोटिंग हुई, जो आजादी के बाद सबसे अधिक मानी जा रही है.
राज्य में मतदान दो चरणों में- 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को संपन्न हुआ था. भारी मतदान और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुए इस चुनाव ने पहले ही राजनीतिक इतिहास में एक नई मिसाल कायम कर दी है.
ये भी पढ़ें- Bengal Election Result: जहां पीएम मोदी ने खाई थी झालमुड़ी, वहां सभी सीटों पर BJP आगे, देखें अपडेट्स