Weather: देशभर में लोग इन दिनों भीषण गर्मी और लगातार चल रही लू से परेशान हैं. उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है और लोग मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राहत भरी खबर दी है. मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम बड़ा करवट ले सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दक्षिण-पश्चिम अरब सागर, दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों और अंडमान सागर के अधिकांश इलाकों में अपनी पहुंच मजबूत कर ली है. IMD का कहना है कि अगले 3 से 4 दिनों के दौरान मानसून के और तेजी से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां काफी अनुकूल बनी हुई हैं. ऐसे में दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में जल्द ही भारी बारिश का दौर तेज हो सकता है.
हालांकि मानसून की यह सक्रियता फिलहाल उत्तर भारत को तुरंत राहत देती नजर नहीं आ रही है. दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत कई राज्य अभी भी भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में हैं. मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में ‘सीवियर हीटवेव’ यानी अत्यधिक लू की चेतावनी जारी की है.
महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी बना सबसे गर्म शहर
भीषण गर्मी का असर सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में देखने को मिला, जहां ब्रह्मपुरी में शुक्रवार को देश का सबसे अधिक तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा राजस्थान, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर दर्ज किया गया.
गर्मी के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. कई राज्यों में दोपहर के समय सड़कें सूनी दिखाई दे रही हैं और अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है.
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
जहां उत्तर भारत भीषण गर्मी से झुलस रहा है, वहीं दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का खतरा बढ़ता जा रहा है. IMD ने केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही बिजली गिरने और जलभराव की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी जताया गया है.
दिल्ली में कुछ घंटों की राहत, फिर लौटेगी भीषण गर्मी
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से धूलभरी आंधी और हल्की बारिश देखने को मिली, जिससे लोगों को कुछ घंटों के लिए गर्मी से राहत जरूर मिली. लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं है.
IMD के अनुसार 24 मई से 28 मई के बीच दिल्ली में एक बार फिर लू का असर तेज हो सकता है. अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है और कई इलाकों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने का अनुमान है.
दिल्ली में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे उमस और बेचैनी बढ़ेगी. हालांकि 28 मई के बाद एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है.
उत्तर प्रदेश में लू और बारिश दोनों का असर
उत्तर प्रदेश में मौसम का दोहरा रूप देखने को मिलेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले कई दिनों तक भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने कुछ जिलों में ‘सीवियर हीटवेव’ का अलर्ट जारी किया है. दिन का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 23 और 24 मई को गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. इससे थोड़ी देर के लिए गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन उसके बाद फिर तापमान बढ़ने लगेगा.
उधर उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम बदलने के संकेत हैं. 23 से 25 मई के बीच कई क्षेत्रों में गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है. ऊंचाई वाले इलाकों में तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.
बिहार और झारखंड में बदलेगा मौसम
बिहार में आने वाले दिनों में मौसम तेजी से बदल सकता है. राज्य के कई हिस्सों में 23 और 24 मई को लू चलने की चेतावनी जारी की गई है. इसके बाद 25 से 27 मई के बीच कई जिलों में तेज आंधी और बारिश शुरू हो सकती है.
मौसम विभाग ने बिहार के कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की भी चेतावनी जारी की गई है.
झारखंड में भी मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा. पश्चिमी हिस्सों में हीटवेव का असर बना रहेगा, जबकि 24 और 25 मई को कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने यहां थंडरस्क्वॉल यानी तेज तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं.
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का खतरा
पूर्वोत्तर भारत में मानसूनी गतिविधियां तेजी से सक्रिय हो रही हैं. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, त्रिपुरा और मिजोरम में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के अनुसार लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बन सकती है. नदियों का जलस्तर भी बढ़ने की आशंका है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
दक्षिण भारत में अगले 5 दिन भारी बारिश
दक्षिण भारत में मानसून का असर सबसे ज्यादा केरल, लक्षद्वीप और तटीय कर्नाटक में देखने को मिल सकता है. अगले 4 से 5 दिनों तक इन इलाकों में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है.
इसके अलावा तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. कई जिलों में बिजली गिरने और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं की आशंका जताई गई है.
समुद्री इलाकों के लिए विशेष चेतावनी
IMD ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में समुद्री गतिविधियां तेज होने की चेतावनी भी जारी की है. केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप तट के पास 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं.
मछुआरों को फिलहाल समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और दक्षिण अरब सागर में मौसम तेजी से बदल रहा है, जिससे आने वाले दिनों में मानसून और ज्यादा सक्रिय हो सकता है.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: कोई रोमांटिक कैंडललाइट डिनर पर जाएगा, तो किसी का होगा ब्रेकअप, जानें आज का लव राशिफल