Weather Update: मई का महीना आमतौर पर भीषण गर्मी और लू के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है. उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के अनुसार 10 से 13 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम अचानक बदल सकता है. इस दौरान कई इलाकों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ जगहों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है.
कई राज्यों में बारिश और तूफानी हवाओं का अनुमान
IMD के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में 11 से 13 मई के बीच बारिश और तेज हवाओं का नया दौर देखने को मिल सकता है. इसके अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है, जिससे कुछ इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर दिक्कतें बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है.
दक्षिण भारत में भी सक्रिय रहेगा मौसम
दक्षिण भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 6 से 7 दिनों तक कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ तेज हवाएं और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है.
वहीं दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों में गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है. IMD ने 9 से 13 मई के बीच इन क्षेत्रों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली में बढ़ेगा तापमान, बारिश के आसार नहीं
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल मौसम साफ रहने की संभावना है. हालांकि आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 8 से 12 मई के बीच अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है.
मौसम संबंधी चेतावनी
— India Meteorological Department (@Indiametdept) May 7, 2026
मुख्य बिंदु
उत्तर-पश्चिम भारत में 10 से 13 मई 2026 के दौरान कुछ स्थानों पर गरज, बिजली तथा 40-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ हवा चलने की संभावना है।
केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 6-7 दिनों तक कुछ स्थानों पर गरज, बिजली तथा 40-60 किमी प्रति… pic.twitter.com/3NlwLqMxi9
पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली में आसमान साफ रहेगा. अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं 9 से 13 मई के बीच अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री के बीच रह सकता है. फिलहाल दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है.
उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने 8 से 13 मई तक आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है. नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है.
IMD के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ, आगरा और बरेली समेत कई जिलों में हल्की बारिश और तेज आंधी की संभावना है.
बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी
बिहार में 8 से 11 मई के बीच मौसम खराब रह सकता है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है. पटना सहित कई जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा और बेगूसराय में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उमस बढ़ सकती है. कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.
राजस्थान में दिखेगा मौसम का दोहरा रूप
राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक दो तरह का मौसम देखने को मिलेगा. पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा, जबकि पश्चिमी राजस्थान में लू लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है.
जयपुर, कोटा, उदयपुर, भरतपुर और अजमेर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है. वहीं जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और जोधपुर में तापमान तेजी से बढ़ सकता है और गर्म हवाएं चल सकती हैं.
उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम
उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और चमोली में हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई है.
पहाड़ी इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है. 11 से 13 मई के बीच राज्य में फिर से बारिश का नया दौर शुरू होने का अनुमान है.
हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देने लगा है. मौसम विभाग के मुताबिक 11 से 13 मई के दौरान कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
शिमला, मनाली, धर्मशाला, मंडी, कुल्लू और चंबा में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है.
झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश
झारखंड में भी मौसम बदलने वाला है. IMD के अनुसार 11 और 12 मई को राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.
रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग और दुमका समेत कई जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है. 9 और 10 मई को कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें- IPL 2026: RCB की हार के बाद विराट-भुवनेश्वर को बड़ा झटका, अब किसके पास है ऑरेंज और पर्पल कैप?