Weather: उत्तर भारत में शीतलहर का असर बढ़ने लगा है और कई जगह तापमान लगातार नीचे जा रहा है. मौसम विभाग के ताज़ा अनुमान बताते हैं कि हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे उत्तरी राज्यों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया जा रहा है. दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे लोगों को सुबह और देर शाम तेज सर्दी का सामना करना पड़ रहा है.
साइक्लोन दितवाह का असर बरकरार
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात ‘दितवाह’ कमजोर होकर गहरे दबाव में तब्दील हो चुका है, लेकिन इसके बाद भी इसका प्रभाव समाप्त नहीं हुआ है. इस तंत्र के कारण दक्षिण भारत के तटीय राज्यों- तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और केरल में 3 दिसंबर तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि समुद्री हवाओं में आए बदलाव और दबाव बढ़ने के कारण अगले 24 घंटों तक तटीय क्षेत्रों में तेज बारिश और तेज रफ्तार हवाओं का दौर जारी रह सकता है.
उत्तर भारत में सर्दी और बढ़ेगी
मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि उत्तर पश्चिम भारत में अगले चार दिनों तक तापमान में 2–3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है. इसका सीधा प्रभाव दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश जैसे क्षेत्रों में देखने को मिलेगा, जहाँ पहले से ही ठिठुरन बढ़ गई है.
मध्य भारत की बात करें तो आने वाले 24 घंटों में तापमान में बदलाव की संभावना कम है, लेकिन इसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. वहीं, पूर्वी भारत- बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में पहले से ही सर्दी का असर तेज है. यहाँ फिलहाल स्थिर तापमान बना हुआ है, लेकिन आज दोपहर के बाद इसमें 2–3 डिग्री की कमी आ सकती है, और यह गिरावट चार दिनों तक चलेगी.
बेंगलुरु में अचानक बदला मौसम
दक्षिण भारतीय शहरों में भी मौसम तेजी से करवट ले रहा है. बेंगलुरु में सोमवार को अचानक बादल छाने लगे और हल्की बारिश होने लगी. इसका असर इतना पड़ा कि दिन के समय तापमान गिरकर 15–16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो शहर के औसत तापमान से काफी कम है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव साइक्लोन दितवाह से जुड़े बादलों और हवाओं के कारण हुआ है. अनुमान है कि बुधवार से बादल छंटने लगेंगे और तापमान में धीरे-धीरे सुधार आएगा.
दिसंबर की शुरुआत तेज सर्दी के साथ
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में दिसंबर की शुरुआत जमकर ठंड के साथ हुई है. स्काईमेट के अनुसार, राजधानी के बेस स्टेशन सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 5.7°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 4.5°C कम है. यह इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान भी है. हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि अभी तापमान में तेज गिरावट जारी रहने की संभावना कम है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. बादल छाए रहने से जमीन के पास गर्माहट बनी रहती है, जिससे पारा और नीचे नहीं जाता.
ये भी पढ़ें- ये संचार ऐप क्या है? फोन कंपनियों को आदेश...हर डिवाइस में इंस्टॉल करना अनिवार्य!