Middle East: मिडिल ईस्ट में चल रहा युद्ध लगातार खतरनाक होता जा रहा है. 28 फरवरी को अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद शुरू हुआ यह संघर्ष अब 11वें दिन में पहुंच गया है. ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते टकराव ने पूरे क्षेत्र को अस्थिर कर दिया है.
ईरान ने जवाबी कार्रवाई में कई देशों में मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं. अब तक 11 देशों में हमलों की खबरें सामने आई हैं, जिनमें सैन्य ठिकानों, तेल सुविधाओं और महत्वपूर्ण ढांचों को निशाना बनाया गया है.
इन 11 देशों में हमलों का दावा
ईरान की सैन्य कार्रवाई में जिन देशों का नाम सामने आया है, उनमें इजराइल, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कतर, कुवैत, इराक, ओमान, अजरबैजान, साइप्रस और तुर्किये शामिल हैं.
कई जगहों पर एयरबेस, तेल सुविधाओं और नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं.
इजराइल पर लगातार मिसाइल हमले
ईरान लगातार इजराइल के शहरों पर मिसाइल हमले कर रहा है. रिशोन लेजियोन शहर में क्लस्टर बम से हमले का दावा किया गया है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. राजधानी तेल अवीव समेत कई शहरों में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है.
ईरान का कहना है कि इन हमलों में इजराइल को भारी नुकसान हुआ है और उसके कई सैनिक मारे गए हैं.
सऊदी अरब के तेल ढांचे पर असर
ईरानी हमलों का असर सऊदी अरब के ऊर्जा ढांचे पर भी पड़ा है. सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको को रास तनूरा रिफाइनरी में उत्पादन रोकना पड़ा.
सऊदी एयर डिफेंस ने शायबा ऑयल फील्ड की ओर बढ़ रहे चार ड्रोन मार गिराने का दावा किया है. बढ़ते खतरे को देखते हुए सऊदी सरकार ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है.
UAE पर बड़े पैमाने पर हमले
संयुक्त अरब अमीरात पर भी भारी हमलों का दावा किया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक 1400 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन दागे गए.
एक दिन में 16 बैलिस्टिक मिसाइल और 200 ड्रोन से हमला करने की बात कही गई है. दुबई एयरपोर्ट के पास धमाके और अमेरिकी कॉन्सुलेट के बाहर ड्रोन हमले की खबरों से क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया.
बहरीन और कतर भी निशाने पर
बहरीन में ड्रोन हमले के बाद देश की सबसे बड़ी ऑयल रिफाइनरी में आग लग गई, जिसमें 32 लोग घायल हुए.
वहीं कतर में अमेरिका का सबसे बड़ा सैन्य अड्डा अल उदीद एयर बेस भी निशाने पर रहा. कतर ने दावा किया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने अधिकतर हमलों को नाकाम कर दिया.
कुवैत और इराक में भी हमले
कुवैत में मिसाइल और ड्रोन हमलों में दो सैनिकों की मौत की खबर है. ईरान ने अल-अदिरी एयरबेस और अमेरिकी दूतावास को निशाना बनाने का दावा किया है.
वहीं इराक में अमेरिकी कंपनियों से जुड़े ऑयल फील्ड और बगदाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमलों की खबर सामने आई है.
ओमान, अजरबैजान और यूरोप तक असर
5 मार्च को ओमान की खाड़ी में एक ऑयल टैंकर पर हमला किया गया, जिससे समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई.
अजरबैजान के नखचिवन क्षेत्र में एयरपोर्ट और स्कूल के पास ड्रोन गिरने की घटना सामने आई. वहीं साइप्रस में मौजूद ब्रिटिश एयरबेस को भी ड्रोन से निशाना बनाने का दावा किया गया.
तुर्किये पर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को वहां के एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही नष्ट कर दिया.
लगातार हो रहे इन हमलों के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर पहुंच गया है. कई देशों ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम को हाई अलर्ट पर रख दिया है.
ये भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत में ESMA लागू, LPG संकट से बचने के लिए सरकार का बड़ा फैसला, क्या होगा असर?