स्मार्टफोन बाजार में Vivo ने अपनी Y-सीरीज का नया मॉडल Vivo Y31T 5G भारत में लॉन्च कर दिया है. फोन को मिड-रेंज सेगमेंट में उतारा गया है और इसकी सबसे बड़ी खासियत 7,200mAh की दमदार बैटरी है. इसके अलावा फोन में 120Hz डिस्प्ले, Snapdragon 4 Gen 2 प्रोसेसर और 50MP कैमरा जैसे फीचर्स मिलते हैं. कंपनी का यह नया फोन ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन रिटेल चैनल्स पर भी बिक्री के लिए उपलब्ध है.
Vivo Y31T 5G की कीमत और ऑफर्स
भारत में Vivo Y31T 5G के 4GB रैम और 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 25,999 रुपये रखी गई है. वहीं 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट 29,999 रुपये में आता है, जबकि 6GB रैम और 256GB स्टोरेज वाले टॉप मॉडल की कीमत 34,999 रुपये है. कंपनी चुनिंदा बैंक कार्ड्स से खरीदारी करने पर 1,500 रुपये का इंस्टेंट कैशबैक भी दे रही है.
इन जगहों से खरीद सकते हैं फोन
Vivo Y31T 5G को ग्राहक Flipkart, Vivo India के ऑनलाइन स्टोर और अन्य ऑफलाइन रिटेल चैनल्स से खरीद सकते हैं. फोन को Crimson Red, Golden Mist और Seashore जैसे तीन कलर ऑप्शन्स में पेश किया गया है. कीमत और फीचर्स को देखते हुए कंपनी ने इसे ऐसे यूजर्स के लिए तैयार किया है, जो बड़ी बैटरी के साथ 5G कनेक्टिविटी वाला स्मार्टफोन चाहते हैं.
120Hz डिस्प्ले और Snapdragon प्रोसेसर
Vivo Y31T 5G में 6.75 इंच का HD LCD डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजोल्यूशन 720x1608 पिक्सल है. स्क्रीन 120Hz तक रिफ्रेश रेट और 1,250 निट्स तक पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है. परफॉर्मेंस के लिए इसमें 4nm ऑक्टा-कोर Qualcomm Snapdragon 4 Gen 2 चिपसेट लगाया गया है. फोन Android 16 आधारित OriginOS 6 पर काम करता है और इसमें 6GB तक LPDDR4x RAM तथा 256GB तक UFS 3.1 स्टोरेज मिलती है.
50MP कैमरा से होगा फोटोग्राफी का काम
कैमरा सेटअप की बात करें तो फोन के पीछे डुअल कैमरा सिस्टम दिया गया है. इसमें 50MP का प्राइमरी कैमरा और 2MP का बोकेह सेंसर शामिल है. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में 8MP का कैमरा मिलता है. रियर कैमरे में नाइट, पोर्ट्रेट, वीडियो, लाइव फोटो, स्लो-मो, टाइम-लैप्स, प्रो और पैनो जैसे कई शूटिंग मोड्स दिए गए हैं.
7,200mAh बैटरी और 44W चार्जिंग
Vivo Y31T 5G की सबसे खास खूबियों में इसकी 7,200mAh बैटरी शामिल है. कंपनी ने इसमें 44W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया है. कनेक्टिविटी के लिए फोन में 5G, 4G LTE, डुअल-बैंड Wi-Fi, Bluetooth, USB Type-C और GPS समेत कई विकल्प मौजूद हैं. डिवाइस में साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर और फेस अनलॉक भी मिलता है.
IP68 और IP69 रेटिंग से लैस
फोन को धूल और पानी से सुरक्षा के लिए IP68 और IP69 रेटिंग दी गई है. इसका वजन करीब 219 ग्राम है और डाइमेंशन 166.64x78.43x8.39mm है. सेंसर की बात करें तो इसमें एक्सेलेरोमीटर, एंबियंट लाइट सेंसर, ई-कंपास, प्रॉक्सिमिटी सेंसर और जायरोस्कोप शामिल हैं. इस तरह बड़ी बैटरी, 120Hz डिस्प्ले, 50MP कैमरा और 5G सपोर्ट के साथ Vivo Y31T 5G कंपनी की Y-सीरीज में एक फीचर-पैक विकल्प बनकर सामने आया है.
ये भी पढ़ें: 6500mAh बैटरी, 120Hz डिस्प्ले... Realme ने एक और धांसू फोन किया लॉन्च, जानें कीमत और खासियत