Nana Patekar Passes Away: दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से बॉलीवुड के साथ-साथ खेल जगत में भी शोक की लहर है. 8 अक्टूबर 2026 को 75 साल की उम्र में नाना पाटेकर ने दुनिया को अलविदा कह दिया. गोवा स्थित उनके घर पर तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.
A true legend of Indian cinema. His work and legacy will live on for generations. Rest in peace, Nana Patekar ji. Om Shanti. 🙏
— Virat Kohli (@imVkohli) October 8, 2026
नाना पाटेकर के निधन की खबर सामने आने के बाद भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी. कोहली ने अभिनेता को भारतीय सिनेमा का सच्चा लीजेंड बताते हुए कहा कि उनका काम और उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी.
विराट कोहली ने नाना पाटेकर को किया याद
विराट कोहली ने एक्स पर नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि देते हुए उनके शानदार अभिनय और सिनेमा में योगदान को याद किया. उन्होंने लिखा कि नाना पाटेकर भारतीय सिनेमा के सच्चे लीजेंड थे और उनका काम व विरासत पीढ़ियों तक याद रखी जाएगी. कोहली ने अंत में दिवंगत अभिनेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ‘ओम शांति’ कहा.
नाना पाटेकर थे विराट कोहली के बड़े फैन
दिलचस्प बात यह है कि नाना पाटेकर खुद विराट कोहली के बहुत बड़े प्रशंसक थे. एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने कोहली को लेकर अपनी पसंद का जिक्र किया था. अभिनेता ने बताया था कि जब वह क्रिकेट मैच देखते हैं और विराट कोहली जल्दी आउट हो जाते हैं, तो उनका मूड खराब हो जाता है और उन्हें खाना तक अच्छा नहीं लगता. यही वजह है कि नाना और कोहली के बीच का यह खास कनेक्शन अब एक भावुक याद बन गया है.
नाना पाटेकर के निधन पर क्रिकेट और फिल्म जगत की कई हस्तियों ने दुख जताया है. उनके प्रशंसक और साथी कलाकार भी सोशल मीडिया के जरिए उन्हें याद कर रहे हैं.
गोवा में बिगड़ी थी तबीयत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाना पाटेकर गोवा के डोना पाउला स्थित अपने घर पर थे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया. मणिपाल अस्पताल में मेडिकल टीम ने करीब 45 मिनट तक उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें होश में नहीं लाया जा सका. अस्पताल की ओर से बताया गया कि उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई और उन्हें सुबह 5:20 बजे मृत घोषित किया गया.
पुणे में होगा नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार
नाना पाटेकर के अंतिम संस्कार को लेकर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं. रिपोर्टों के अनुसार, उनके पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम गोवा में किया जाना है, जिसके बाद पार्थिव शरीर पुणे ले जाया जाएगा. अंतिम दर्शन के बाद पुणे स्थित उनके फार्म हाउस पर अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी सामने आई है. नाना पाटेकर ने हिंदी और मराठी सिनेमा में अपने दमदार अभिनय और अलग अंदाज से एक खास पहचान बनाई थी. उनके निधन को भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है और उनके निभाए किरदार लंबे समय तक दर्शकों की यादों में बने रहेंगे.
ये भी पढ़ें- बंदूक उठाकर बॉर्डर पर पहुंच गए थे नाना पाटेकर, कारगिल जंग में 60 दिन तक सेना के साथ निभाई ड्यूटी