टूटी बिल्डिंग, चारों तरफ धुआं... पाकिस्तान में एयरपोर्ट के पास भीषण धमाका, देखें ब्लास्ट का VIDEO

पाकिस्तान के सिंध प्रांत का हैदराबाद शहर शनिवार दोपहर एक भारी धमाके से दहल उठा. यह विस्फोट लतीफाबाद क्षेत्र में हुआ, जो मोची गोठ एयरपोर्ट के नजदीक स्थित है.

VIDEO of massive explosion near airport in Pakistan
Image Source: Social Media

हैदराबाद (सिंध): पाकिस्तान के सिंध प्रांत का हैदराबाद शहर शनिवार दोपहर एक भारी धमाके से दहल उठा. यह विस्फोट लतीफाबाद क्षेत्र में हुआ, जो मोची गोठ एयरपोर्ट के नजदीक स्थित है. धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास की इमारतें हिल गईं और एक पूरी बिल्डिंग मौके पर ही भरभराकर ढह गई.

अब तक की जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.

धमाके के कुछ ही मिनटों बाद साइट से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. उसमें एक ढही हुई इमारत, चारों तरफ फैला घना धुआं, आग की लपटें और बेबस लोग मदद के लिए पुकारते नजर आ रहे हैं. वीडियो देखकर अंदाजा लगता है कि धमाके की तीव्रता कितनी भयावह रही होगी.

अब तक घटना का कारण स्पष्ट नहीं

स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर मलबा हटाने का काम कर रही हैं. फिलहाल धमाके की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार लतीफाबाद के जिस इलाके में धमाका हुआ, वहां एक स्थानीय पटाखा फैक्ट्री संचालित होने की बात सामने आई है. शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि हो सकता है विस्फोट उसी फैक्ट्री में हुआ हो और उसके बाद चिंगारी ने आसपास की इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया.

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या फैक्ट्री में किसी तरह का अवैध स्टॉक रखा गया था, क्योंकि इलाके के निवासियों का कहना है कि उन्हें अक्सर वहां रसायनों और बारूद की गंध आती थी.

धमाके के बाद मची अफरा-तफरी

धमाके के बाद क्षेत्र में भारी अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागते दिखे. स्थानीय लोग भी तुरंत राहत कार्य में जुट गए और घायलों को उठाकर अस्पताल तक पहुंचाने में मदद करते रहे.

वीडियो में दिख रहा है कि धमाके से गिरी इमारत के आसपास धुएं का बड़ा गुबार छाया है और बचाव दल आग बुझाने की कोशिश में जुटा हुआ है. कई लोग मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके लिए क्रेन और रेस्क्यू मशीनें लगाई गई हैं.

पहले से दहशत में है पाकिस्तान

यह विस्फोट ऐसे समय हुआ है जब पाकिस्तान पहले ही आतंकी घटनाओं और आत्मघाती हमलों से दहशत में है. कुछ दिन पहले ही 11 नवंबर को इस्लामाबाद की एक अदालत के बाहर आत्मघाती विस्फोट हुआ था, जिसमें कई लोग मारे गए थे. उस हमले के बाद से ही पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर थीं.

अब हैदराबाद में हुए इस धमाके ने फिर से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में पैनिक की स्थिति बढ़ा दी है.

ये भी पढ़ें- मसूद अजहर ने स्लीपर सेल को दिया फ्री हैंड... दिल्ली धमाके से पहले ही पाकिस्तानी पत्रकार ने किया था दावा