वैशाली में पति बना हैवान! पत्नी को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, बेटी के सामने दिया वारदात को अंजाम

Vaishali News: बिहार के वैशाली जिले में घरेलू विवाद के बीच 22 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है. बिदुपुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर वार्ड-6 में आशा देवी की कथित तौर पर उसके पति सुजीत पासवान ने डंडे से पिटाई कर दी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई.

vaishali-woman-murder-domestic-dispute-husband-police-investigation
Image Source: Magnific

Vaishali News: बिहार के वैशाली जिले में घरेलू विवाद के बीच 22 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है. बिदुपुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर वार्ड-6 में आशा देवी की कथित तौर पर उसके पति सुजीत पासवान ने डंडे से पिटाई कर दी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी पति और उसके परिवार के सदस्य घर से फरार बताए जा रहे हैं. मौके पर पहुंची पुलिस को घर में मृतका की पांच वर्षीय बेटी मिली, जिसने रात में हुई घटना के बारे में जानकारी दी.

शादी के बाद बढ़ता गया विवाद

आशा देवी की शादी करीब ढाई साल पहले मथुरापुर निवासी सुजीत पासवान से हुई थी. दोनों की यह दूसरी शादी थी. परिजनों के मुताबिक, सुजीत की पहली पत्नी की बीमारी से मौत हो गई थी और उसके दो बच्चे हैं, जबकि आशा के पहले पति की भी बीमारी से मौत हो चुकी थी. आशा की पांच वर्षीय बेटी अंशिका उसके साथ रहती थी. मृतका के परिजनों का आरोप है कि बच्चों को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और शादी के कुछ समय बाद आशा के साथ मारपीट की जाने लगी. परिवार का यह भी दावा है कि पिछले पांच दिनों से उसे खाना नहीं दिया जा रहा था.

मां को पहले ही था अनहोनी का डर

मृतका की मां के मुताबिक, घटना से एक रात पहले करीब नौ बजे आशा ने फोन कर उसे मायके ले जाने की गुहार लगाई थी. उसने कथित तौर पर अपनी मां से कहा था कि उसे डर है कि उसके साथ कोई अनहोनी हो सकती है. परिवार ने सुबह उसे लेने आने की बात कही, लेकिन अगले दिन उसकी मौत की खबर मिली. आशा की पांच वर्षीय बेटी ने परिजनों को बताया कि रात में खाना खाने के बाद उसके पिता ने डंडे से उसकी मां की पिटाई की थी. बच्ची के अनुसार, उस समय घर में दादा-दादी मौजूद नहीं थे और घटना के बाद घर के लोग वहां से चले गए.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति और उसके परिवार के सदस्य फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है. फिलहाल हत्या की परिस्थितियों और मृतका के परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें: ‘दृश्यम’ देखकर रची पिता की हत्या की साजिश, एक फोन कॉल ने बेटे को पहुंचाया जेल, जानें पूरा मामला