UP IAS Transfer List: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 15 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं. शासन की ओर से जारी तबादला सूची में दो जिलों के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) बदले गए हैं, जबकि कई अधिकारियों को अलग-अलग विभागों में सचिव, निदेशक और प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके अलावा KGMU और AKTU जैसे प्रमुख विश्वविद्यालयों के कुलसचिव भी बदले गए हैं.
अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
तबादला सूची के मुताबिक लखनऊ के अपर जिलाधिकारी (वि/रा) राकेश कुमार सिंह को अपर आयुक्त आवास विकास परिषद बनाया गया है, जबकि अपर आयुक्त आवास विकास नीरज शुक्ला को MD पीसीएफ की जिम्मेदारी मिली है. MD पीसीएफ डॉ. चंद्र भूषण को अपर निदेशक, डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन अकादमी बनाया गया है.
अपर निदेशक मंडी परिषद सचिन कुमार सिंह को विशेष सचिव चिकित्सा शिक्षा, यूपीसीडा के अपर CEO श्रीहरि प्रताप शाही को निदेशक पंचायती राज, निदेशक पंचायती राज अमित कुमार सिंह को MD पीसीडीएफ और MD पीसीडीएफ प्रकाश बिन्दु को सचिव चिकित्सा शिक्षा बनाया गया है.
जौनपुर के CDO ध्रुव खाडिया को CDO मऊ और मऊ के CDO विवेक कुमार श्रीवास्तव को सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद प्रयागराज भेजा गया है, जबकि लखीमपुर खीरी के ADM नरेंद्र बहादुर सिंह को CDO जौनपुर की जिम्मेदारी दी गई है.
भूतत्व विभाग से लेकर विश्वविद्यालयों तक बदलाव
भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग में माला श्रीवास्तव से सचिव का प्रभार हटा दिया गया है. डॉ. उज्जवल कुमार को विशेष सचिव एवं निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि जे. रीभा को MD, यूपी मेडिकल सप्लाई कॉर्पोरेशन बनाया गया है.
वहीं KGMU की कुलसचिव अर्चना गहरवार को AKTU का कुलसचिव और AKTU की कुलसचिव रीना सिंह को KGMU का कुलसचिव नियुक्त किया गया है. इन तबादलों के जरिए शासन ने प्रशासनिक और विभागीय स्तर पर कई अहम जिम्मेदारियों में बदलाव किया है.
ये भी पढ़ें: शाहजाद भट्टी नेटवर्क पर ATS की ताबड़तोड़ कार्रवाई, यूपी में 55 टीमें कर रहीं छापेमारी, रडार पर मददगार