PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (30 अक्टूबर) को दो दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंचे. बनासकांठा में उनके दौरे की शुरुआत भव्य रोड शो के साथ हुई, जहां सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे. इस दौरान लोगों के हाथों में कई तरह के पोस्टर और बैनर दिखाई दिए. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा उस नारे की रही, जिसमें लोग 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' लिखी तख्तियां लेकर खड़े थे. बनास डेयरी से जुड़ी महिलाओं ने भी इसी तरह के पोस्टर थाम रखे थे, जिन पर लिखा था, 'जब तक भ्रष्टाचार को जड़ से न उखाड़ दे, मोदी कहीं नहीं जाएगा'.
#WATCH बनासकांठा, गुजरात: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोड शो किया। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे। (वीडियो सोर्स: DD) https://t.co/jRNkZ7GBvd
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 30, 2026
IVF लैब और पशु अनुसंधान केंद्र का किया दौरा
रोड शो के बाद प्रधानमंत्री मोदी बनासकांठा में एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (ET-IVF) लैब पहुंचे. इसके साथ ही उन्होंने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) पशु फार्म का भी दौरा किया. यहां उन्होंने महिलाओं से बातचीत की और पशुपालन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली. इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी उनके साथ मौजूद रहे.
पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी
गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की. इसके तहत देशभर के करोड़ों किसानों के खातों में आर्थिक सहायता भेजी गई. इसके अलावा उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. पीएम मोदी ने अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
'किसान विकसित भारत के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक'
विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद प्रधानमंत्री ने विशाल जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि आज यहां मातृशक्ति, बच्चों, किसानों और पशुपालकों के लिए कई परियोजनाओं की शुरुआत हुई है. साथ ही, पीएम किसान सम्मान निधि की नई किस्त भी देश के करोड़ों छोटे किसानों के खातों में पहुंची है. उन्होंने किसानों को विकसित भारत का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि सरकार ने हमेशा उनके कल्याण और सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है.
कृषि बजट में पांच गुना से ज्यादा बढ़ोतरी का दावा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि साल 2013-14 की तुलना में देश का कृषि बजट अब पांच गुना से भी अधिक हो चुका है. पीएम किसान सम्मान निधि योजना करोड़ों छोटे किसानों के जीवन का अहम हिस्सा बन गई है. उन्होंने बताया कि इस बार करीब 10 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई है. गुजरात के 50 लाख से ज्यादा किसानों को भी इस किस्त का लाभ मिला है, जबकि बनासकांठा के किसानों के खातों में करीब 50 करोड़ रुपये पहुंचे हैं.
ये भी पढ़ें- 'डिटेल्स आने दीजिए, पूरा देश जश्न मनाएगा', India-US ट्रेड डील पर बोले पीयूष गोयल, किसानों को दिया भरोसा