बम धमाकों से दहला पाकिस्तान का ये इलाका, 7 लोगों की गई जान, मदद कर रहे लोगों को भी बनाया निशाना

Bannu Blast News: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके बन्नू जिले में शनिवार को सड़क किनारे हुए दो बम धमाकों में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. यह इलाका अफगानिस्तान सीमा के पास स्थित है और पिछले कुछ समय से यहां लगातार हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं.

Two bomb blasts in Bannu Pakistan kill 7 people those helping the injured were also targeted
Image Source: Social Media

Bannu Blast News: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके बन्नू जिले में शनिवार को सड़क किनारे हुए दो बम धमाकों में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. यह इलाका अफगानिस्तान सीमा के पास स्थित है और पिछले कुछ समय से यहां लगातार हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं.

पुलिस के अनुसार पहला धमाका उस समय हुआ जब यात्रियों से भरी एक वैन सड़क से गुजर रही थी. विस्फोट इतना तेज था कि 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. घायलों में कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

घायलों की मदद कर रहे लोगों पर दूसरा हमला

पहले धमाके के बाद स्थानीय लोग घायलों को बचाने और उन्हें एंबुलेंस तक पहुंचाने में जुट गए. इसी दौरान हमलावरों ने रिमोट कंट्रोल से दूसरा बम विस्फोट कर दिया. इस हमले में राहत कार्य में लगे 2 लोगों की मौत हो गई.

राष्ट्रपति जरदारी ने जताया दुख

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हमले की निंदा करते हुए निर्दोष लोगों की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के बाद पुलिस और सेना ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है. सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इलाके में और भी विस्फोटक छिपे हो सकते हैं, इसलिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.

लगातार बढ़ रही हैं आतंकी घटनाएं

बन्नू जिले में हाल के दिनों में हिंसा की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं. एक सप्ताह पहले उग्रवादियों ने एक पुल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी. वहीं 12 जून को हुए हमलों में दो पुलिसकर्मियों की भी मौत हो गई थी.

लगातार हो रहे हमलों से नाराज स्थानीय लोग सरकार से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. हाल ही में हुई एक जनजातीय सभा में भी क्षेत्र से उग्रवाद को पूरी तरह खत्म करने की मांग उठाई गई थी.

ये भी पढ़ें- ईरान युद्ध थमा, अब एशिया में नया तूफान! चीन ने ताइवान को चारों ओर से घेरा, ड्रैग्न ने बढ़ाई टेंशन