ChatGPT आज पढ़ाई, रिसर्च, कोडिंग से लेकर कंटेंट लिखने और रोजमर्रा के कई कामों में लोगों का काम आसान कर रहा है. लेकिन इसकी सुविधा के साथ डेटा प्राइवेसी और गलत जानकारी का जोखिम भी जुड़ा है. खासतौर पर मानसिक स्वास्थ्य, कानूनी मामलों, मेडिकल फैसलों और निजी या गोपनीय जानकारी से जुड़े मामलों में ChatGPT को अंतिम अथॉरिटी मानना परेशानी खड़ी कर सकता है. इसलिए AI का इस्तेमाल करते समय यह समझना जरूरी है कि कौन सी जानकारी इससे साझा नहीं करनी चाहिए.
मानसिक संकट में AI पर निर्भर न रहें
अपनी परेशानियों या भावनाओं के बारे में ChatGPT से बातचीत करना आसान लग सकता है, लेकिन इसे प्रोफेशनल थेरेपिस्ट या काउंसलर का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए. कुछ शोधों में यह चिंता सामने आई है कि चैटबॉट कभी-कभी यूजर की मौजूदा सोच को चुनौती देने के बजाय उसे मजबूत कर सकते हैं. आत्महत्या, खुद को नुकसान पहुंचाने या गंभीर मानसिक संकट जैसी स्थिति में AI पर निर्भर रहने के बजाय मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ या स्थानीय आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करना जरूरी है.
कानूनी मामलों में AI की सलाह को अंतिम न मानें
कानून से जुड़ी सामान्य जानकारी समझने में ChatGPT मददगार हो सकता है, लेकिन चल रहे केस या कानूनी विवाद में इसे वकील का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए. AI कभी-कभी ऐसे कोर्ट केस, कानूनी संदर्भ या दलीलें भी तैयार कर सकता है जो वास्तविक न हों. इसलिए किसी मुकदमे, कानूनी नोटिस या संवेदनशील दस्तावेज से जुड़ा फैसला लेने से पहले योग्य कानूनी विशेषज्ञ की सलाह लेना ज्यादा जरूरी है.
बीमारी और दवा का फैसला खुद AI से न करें
लक्षणों के आधार पर बीमारी की पहचान, दवा की मात्रा या इलाज तय करने के लिए ChatGPT पर पूरी तरह निर्भर रहना जोखिम भरा हो सकता है. AI किसी मेडिकल टर्म, टेस्ट रिपोर्ट या स्वास्थ्य संबंधी सामान्य जानकारी को समझने में मदद कर सकता है, लेकिन बीमारी का निदान और उपचार डॉक्टर की सलाह के आधार पर ही होना चाहिए. गलत जानकारी के आधार पर लिया गया मेडिकल फैसला गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है.
ऑफिस का सीक्रेट डेटा AI में अपलोड न करें
कंपनी की कॉन्फिडेंशियल फाइल, सोर्स कोड, ग्राहक की निजी जानकारी, पासवर्ड या NDA के तहत आने वाले दस्तावेज AI टूल में डालने से पहले कंपनी की डेटा पॉलिसी जरूर जांचें. टेक इंडस्ट्री में कर्मचारियों द्वारा इंटरनल सोर्स कोड AI टूल्स में अपलोड किए जाने के बाद कंपनियों ने जनरेटिव AI के इस्तेमाल पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए हैं. इसलिए ऑफिस से जुड़े संवेदनशील डेटा के लिए कंपनी द्वारा अधिकृत AI सर्विस का ही इस्तेमाल करना बेहतर है.
पासवर्ड, OTP और बैंकिंग डिटेल्स से बनाएं दूरी
सबसे जरूरी सावधानी निजी और वित्तीय जानकारी को लेकर रखनी चाहिए. ChatGPT या किसी भी AI चैटबॉट में पासवर्ड, OTP, बैंक अकाउंट नंबर, कार्ड की पूरी जानकारी, पासपोर्ट नंबर, पहचान पत्र की फोटो या अन्य अत्यंत संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचें. AI का इस्तेमाल जानकारी समझने और काम आसान बनाने के लिए किया जा सकता है, लेकिन अपनी डिजिटल सुरक्षा बनाए रखने के लिए जरूरी है कि निजी राज और संवेदनशील डेटा चैट में डालने से पहले हमेशा सावधानी बरती जाए.
ये भी पढ़ें: 6 अक्टूबर को भारत में लॉन्च होगा Vivo का नया 5G फोन, 10,000mAh बैटरी से मचेगा धमाल!