'युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ', अलकायदा ने की फ्लाईदुबई में हमले की तारीफ! 9/11 जैसे अटैक की खुली धमकी

आतंकवादी संगठन अलकायदा ने अमेरिकी और इजरायली विमानों को निशाना बनाने की धमकी दी है. संगठन ने फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में हुई घटना का जिक्र करते हुए विमान पर हमला करने की कोशिश करने वाले को-पायलट की तारीफ की.

The war is not over yet Al-Qaeda praises attack on Flydubai 9/11-style attack
Image Source: Social Media

Flydubai Attack: आतंकवादी संगठन अलकायदा ने अमेरिकी और इजरायली विमानों को निशाना बनाने की धमकी दी है. संगठन ने फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में हुई घटना का जिक्र करते हुए विमान पर हमला करने की कोशिश करने वाले को-पायलट की तारीफ की. यह बात अलकायदा समर्थकों की ओर से जारी साप्ताहिक प्रकाशन ‘अल-बयान’ के ताजा अंक में कही गई है. इस प्रकाशन की शुरुआत इसी साल जुलाई में हुई थी.

फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हमले का जिक्र

शुक्रवार को जारी अंक में 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के साथ बुधवार को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 को निशाना बनाने की कोशिश का भी उल्लेख किया गया. अरबी भाषा में प्रकाशित लेख में कहा गया कि युद्ध खत्म नहीं हुआ है और अमेरिकी, इजरायली तथा उनके सहयोगी माने जाने वाले लोगों को ले जाने वाले विमानों को निशाना बनाया जा सकता है.

लेख में 9/11 हमलों की तस्वीर के साथ फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट से जुड़ी तस्वीर भी लगाई गई थी. अलकायदा ने अपने संदेश में अमेरिका और इजरायल के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देने वाली बातें भी कही हैं.

अमेरिका के खिलाफ भी दी धमकी

लेख में अमेरिका के भविष्य को लेकर भी धमकी दी गई है. इसमें दावा किया गया कि एक दिन अमेरिका का मौजूदा प्रभाव खत्म हो जाएगा. इस सामग्री को अलकायदा समर्थक टेलीग्राम चैनलों पर भी शेयर किया गया था, हालांकि बाद में पोस्ट हटा दी गई.

को-पायलट से जुड़ा अलकायदा कनेक्शन

आतंकवाद और अलकायदा की गतिविधियों पर नजर रखने वाले लोगों ने इस पोस्ट के बाद फ्लाईदुबई मामले से जुड़े को-पायलट हमाम अल-हम्मामी के सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच की है.

घटना के कुछ घंटे बाद अल-हम्मामी के लिंक्डइन अकाउंट से दो पोस्ट किए गए थे. इनमें कुछ वीडियो क्लिप शामिल थीं, जिनमें अलकायदा के पूर्व प्रमुख अयमान अल-जवाहिरी और आतंकी हुमाम अल-बलावी की तस्वीरें दिखाई गई थीं.

अयमान अल-जवाहिरी ने ओसामा बिन लादेन की मौत के बाद अलकायदा की कमान संभाली थी. 2022 में एक अमेरिकी ड्रोन हमले में उसकी मौत हो गई थी. वहीं, हुमाम अल-बलावी पेशे से डॉक्टर था और अलकायदा से जुड़ा आत्मघाती हमलावर था. उसके हमले में CIA के अधिकारियों और एक अमेरिकी कॉन्ट्रैक्टर की मौत हुई थी.