भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा सख्त, घुसपैठ और अपराध रोकने के लिए SSB का मास्टर प्लान तैयार

India-Nepal Border Security: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अवांछित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए शनिवार को 70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय द्वितीय में समन्वय बैठक हुई. बैठक में दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारियों ने सीमा की मौजूदा स्थिति और संवेदनशील इलाकों को लेकर चर्चा की.

Security tightened at the India-Nepal border SSB master plan to curb infiltration and crime
Image Source: ANI/ File

India-Nepal Border Security: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अवांछित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए शनिवार को 70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय द्वितीय में समन्वय बैठक हुई. बैठक में दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारियों ने सीमा की मौजूदा स्थिति और संवेदनशील इलाकों को लेकर चर्चा की. साथ ही सीमा से जुड़ी सूचनाओं को तेजी से साझा करने और आपसी तालमेल बढ़ाने पर सहमति बनी.

बैठक की अध्यक्षता 70वीं वाहिनी के कमांडेंट राजन कुमार श्रीवास्तव ने की. भारत की ओर से 59वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल नानपारा के कमांडेंट कैलाश चंद्र रमौला भी बैठक में शामिल हुए. वहीं नेपाल की तरफ से सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल की 31वीं बटालियन बर्दिया के बटालियन कमांडर दिनेश कुमार महत और डीएसपी संगीत भट्ट ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हिस्सा लिया.

अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए बेहतर तालमेल पर जोर

बैठक में सीमा पार होने वाली अवैध और अन्य अवांछित गतिविधियों को रोकने के लिए दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया गया. अधिकारियों ने खुफिया और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी को वास्तविक समय में एक-दूसरे तक पहुंचाने की व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी चर्चा की. इसके साथ ही सीमा पर सुरक्षा से जुड़े जरूरी मुद्दों पर नियमित संपर्क बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर तुरंत जानकारी साझा करने की बात कही गई.

सीमा स्तंभ और नो-मैन्स लैंड की सुरक्षा पर चर्चा

बैठक में सीमा स्तंभों के नियमित रखरखाव और नो-मैन्स लैंड के संरक्षण को लेकर भी सहमति बनी. इसके अलावा किसी आपात स्थिति या प्राकृतिक आपदा के दौरान दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच संयुक्त कार्रवाई के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई.

दोनों पक्षों ने सीमा पर शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत करने की बात दोहराई. अधिकारियों ने सीमांत सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ भारत और नेपाल के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया.

ये भी पढ़ें- क्या होता है फॉर्म 47, जिसको लेकर UN में भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह रगड़ा? जानिए पूरा मामला