WhatsApp पर बढ़ते साइबर फ्रॉड से बचाएगा ये नया फीचर, स्कैम मैसेज मिलते ही झट से मिलेगा अलर्ट

Whatsapp Scam Alert: आज के दौर में साइबर अपराधी लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स में शामिल WhatsApp भी उनकी नजर में रहता है. डिजिटल अरेस्ट, फर्जी नौकरी के ऑफर, नकली निवेश योजनाएं, सरकारी स्कीमों के नाम पर भेजे जाने वाले फिशिंग लिंक और अन्य लालच देकर लोगों को ठगने की कोशिशें लगातार बढ़ रही हैं.

Tech feature will protect increasing cyber fraud on WhatsApp get instant alert receive scam message
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Whatsapp Scam Alert: आज के दौर में साइबर अपराधी लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स में शामिल WhatsApp भी उनकी नजर में रहता है. डिजिटल अरेस्ट, फर्जी नौकरी के ऑफर, नकली निवेश योजनाएं, सरकारी स्कीमों के नाम पर भेजे जाने वाले फिशिंग लिंक और अन्य लालच देकर लोगों को ठगने की कोशिशें लगातार बढ़ रही हैं. इसी चुनौती से निपटने के लिए WhatsApp एक नए सुरक्षा फीचर ‘Scam Alert’ पर काम कर रहा है.

संदिग्ध मैसेज की पहचान करेगा नया फीचर

रिपोर्ट्स के अनुसार, WhatsApp का यह फीचर सबसे पहले एंड्रॉयड यूजर्स के लिए तैयार किया जा रहा है. इसका उद्देश्य अनजान नंबरों से आने वाले संभावित फ्रॉड मैसेज की पहचान करना और यूजर्स को समय रहते चेतावनी देना है. यदि किसी संदेश में धोखाधड़ी की आशंका पाई जाती है, तो यूजर को अलर्ट दिखाई देगा.

इसके साथ ही यूजर्स को संबंधित नंबर को तुरंत ब्लॉक करने और रिपोर्ट करने का विकल्प भी मिलेगा. वहीं, अगर किसी यूजर को संदेश सुरक्षित लगता है, तो वह सामान्य रूप से चैट जारी रख सकेगा.

प्राइवेसी पर नहीं पड़ेगा असर

बताया जा रहा है कि यह फीचर पूरी तरह से ऑन-डिवाइस टेक्नोलॉजी पर आधारित होगा. यानी संदेशों का विश्लेषण यूजर के फोन पर ही किया जाएगा और उन्हें जांच के लिए Meta के सर्वर पर नहीं भेजा जाएगा. इससे WhatsApp की एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन प्रणाली सुरक्षित बनी रहेगी और यूजर्स की प्राइवेसी पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

यूजर की मर्जी से होगा एक्टिव

Scam Alert फीचर को अनिवार्य नहीं बनाया जाएगा. यह डिफॉल्ट रूप से बंद रहेगा और जो यूजर इसका इस्तेमाल करना चाहेंगे, उन्हें सेटिंग्स में जाकर इसे सक्रिय करना होगा. फिलहाल कंपनी इसकी टेस्टिंग कर रही है और जल्द ही इसे बीटा यूजर्स के लिए जारी किया जा सकता है. परीक्षण सफल रहने के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से सभी यूजर्स तक पहुंचाया जाएगा.

WhatsApp Plus सब्सक्रिप्शन भी चर्चा में

WhatsApp लगातार अपने प्लेटफॉर्म में नए फीचर्स जोड़ रहा है. इसी क्रम में कंपनी एक पेड सब्सक्रिप्शन सेवा WhatsApp Plus भी पेश कर रही है. इस प्लान के तहत यूजर्स को अतिरिक्त फीचर्स और कस्टमाइजेशन विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे.

यूरोप में इसकी कीमत लगभग 280 रुपये के बराबर रखी गई है. हालांकि, फिलहाल यह सेवा भारत में उपलब्ध नहीं है. उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में भारतीय यूजर्स को भी यह सुविधा मिल सकती है.

ऑनलाइन ठगी से बचाव की दिशा में बड़ा कदम

साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों के बीच WhatsApp का यह नया Scam Alert फीचर यूजर्स की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इससे संदिग्ध संदेशों की पहचान आसान होगी और लोग ऑनलाइन ठगी के जाल में फंसने से बच सकेंगे.

ये भी पढ़ें- 'भाभी जी घर पर हैं' विवाद पर शिल्पा शिंदे का यू-टर्न, बोलीं- प्रोड्यूसर पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप गलत, VIDEO