Tata Curvv Series X की धमाकेदार एंट्री, 9.99 लाख से शुरू हुई कीमत, दमदार फीचर्स से है लैस

भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में टाटा मोटर्स लगातार अपनी पकड़ मजबूत कर रही है. कंपनी की दमदार और प्रीमियम डिजाइन वाली एसयूवी पहले से ही ग्राहकों के बीच लोकप्रिय हैं और अब टाटा ने अपनी कूपे-एसयूवी कर्व को और ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए नया दांव चला है.

tata-curvv-series-x-launch-price-features-engine-options
Image Source: Social Media

भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में टाटा मोटर्स लगातार अपनी पकड़ मजबूत कर रही है. कंपनी की दमदार और प्रीमियम डिजाइन वाली एसयूवी पहले से ही ग्राहकों के बीच लोकप्रिय हैं और अब टाटा ने अपनी कूपे-एसयूवी कर्व को और ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए नया दांव चला है. टाटा मोटर्स ने कर्व का नया अवतार Tata Curvv Series X भारत में आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है.

9.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत

नई Tata Curvv Series X की सबसे बड़ी खासियत इसकी कीमत है. कंपनी ने इसकी शुरुआती कीमत महज 9.99 लाख रुपये रखी है. यानी करीब 10 लाख रुपये के शुरुआती बजट में ग्राहक प्रीमियम लुक वाली इस कूपे-एसयूवी को खरीद सकते हैं. कंपनी ने इसे पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन विकल्पों के साथ पेश किया है, जिससे यह बजट सेगमेंट में Hyundai Creta और Kia Seltos जैसी गाड़ियों को चुनौती देती नजर आएगी.

छह ट्रिम्स में पेश हुई नई कर्व

टाटा मोटर्स ने Curvv Series X को छह मुख्य ट्रिम्स में उतारा है. इनमें Smart X, Pure X, Pure X , Creative X , Accomplished X और Accomplished X शामिल हैं. इसके शुरुआती Smart X वेरिएंट की कीमत 9.99 लाख रुपये से शुरू होती है, जबकि टॉप-एंड Accomplished X Dark Edition की कीमत 18.99 लाख रुपये तक जाती है. वहीं, चुनिंदा ट्रिम्स में ऑल-ब्लैक थीम वाला Dark Edition भी मिलता है, जो एसयूवी को स्पोर्टी और एग्रेसिव लुक देता है.

केबिन में आराम पर खास फोकस

नई सीरीज एक्स में कंपनी ने सिर्फ एक्सटीरियर ही नहीं, बल्कि इंटीरियर और सीटिंग कम्फर्ट में भी कई बदलाव किए हैं. केबिन में नई कलर थीम के साथ ज्यादा प्रीमियम टच वाले मटीरियल का इस्तेमाल किया गया है. फ्रंट सीट्स के बैक को थोड़ा पतला बनाया गया है और रियर बेंच की पोजिशनिंग को भी दोबारा डिजाइन किया गया है.

पीछे बैठने वालों को मिलेगा ज्यादा स्पेस

केबिन में किए गए इन बदलावों का सीधा फायदा रियर पैसेंजर्स को मिलेगा. उन्हें पहले के मुकाबले बेहतर लेगरूम और नी-रूम मिलने का दावा किया गया है. इसके अलावा ओयस्टर व्हाइट लेदरेट अपहोल्स्ट्री और वेंटिलेटेड सीट्स जैसे फीचर्स भी शामिल किए गए हैं. ऐसे फीचर्स लंबी यात्राओं के दौरान यात्रियों के आराम को बढ़ाने में मदद करेंगे.

फीचर्स से लोडेड है Curvv Series X

फीचर्स की बात करें तो नई कर्व को काफी आधुनिक बनाया गया है. बेस और मिड वेरिएंट्स में 10.25-इंच की हरमन टचस्क्रीन, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, क्रूज कंट्रोल और पुश-बटन स्टार्ट-स्टॉप जैसे फीचर्स मिलते हैं. वहीं, हायर वेरिएंट्स में 12.3-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और पैनोरमिक सनरूफ जैसे फीचर्स दिए गए हैं.

ADAS से लेकर 360 डिग्री कैमरा तक

टॉप वेरिएंट्स में 360-डिग्री 3D कैमरा, JBL सराउंड साउंड सिस्टम, एम्बिएंट मूड लाइटिंग, जेस्चर-कंट्रोल्ड पावर्ड टेलगेट और लेवल-2 ADAS जैसी एडवांस टेक्नोलॉजी मिलती है. सुरक्षा के लिए 6 एयरबैग्स, ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक्स और ESP को स्टैंडर्ड तौर पर शामिल किया गया है.

तीन इंजन और ऑटोमैटिक का भी विकल्प

पावरट्रेन के मामले में Tata Curvv Series X में तीन इंजन विकल्प दिए गए हैं. इनमें 1.2-लीटर टर्बो-पेट्रोल, 1.2-लीटर Hyperion डायरेक्ट इंजेक्शन टर्बो-पेट्रोल और 1.5-लीटर Cryojet डीजल इंजन शामिल हैं. ट्रांसमिशन के लिए 6-स्पीड मैनुअल के साथ 7-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक का विकल्प मिलता है. खास बात यह है कि टाटा मोटर्स डीजल इंजन के साथ भी DCA ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दे रही है, जो इस सेगमेंट में Curvv Series X को एक खास विकल्प बनाता है.

ये भी पढ़ें: मार्केट में आ गया Redmi का धांसू 5G फोन; 7,900 mAh बैटरी फूंकती है जान, जानें फीचर्स और कीमत