तमिलनाडु भगदड़ पर पीएम मोदी ने जताया दुख, हादसे में 39 की मौत, 8 बच्चों और 16 महिलाओं की गई जान

तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान मची भीषण भगदड़ ने शनिवार को भारी तबाही मचाई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में अब तक 38 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं.

Tamil Nadu Stampede PM Modi express grief for the loss happen
Image Source: ANI

तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान मची भीषण भगदड़ ने शनिवार को भारी तबाही मचाई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में अब तक 38 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं. दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पतालों में उनका इलाज जारी है. रैली में मौजूद भीड़ अचानक बेकाबू हो गई, जिसके बाद मची भगदड़ में कई लोगों की जान चली गई.

इस रैली का आयोजन अभिनेता से नेता बने थलपति विजय के समर्थन में किया गया था, जो आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक शुरुआत की तैयारी कर रहे हैं.

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना अत्यंत पीड़ादायक है. मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है. इस कठिन समय में ईश्वर उन्हें शक्ति दे. सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.

राष्ट्रपति मुर्मू और केंद्रीय मंत्रियों की संवेदनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने लिखा,करूर जिले में भगदड़ जैसी घटना में जान-माल की हानि की खबर बेहद दुखद है. मैं शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं. गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे को ‘अत्यंत दुखद और हृदयविदारक’ बताया. शाह ने कहा,मैं करूर की घटना से बेहद व्यथित हूं. मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. राजनाथ सिंह ने भी घटना में बच्चों की मौत को बेहद पीड़ादायक बताया और कहा कि पूरा देश इस कठिन समय में पीड़ितों के साथ खड़ा है.

बीजेपी नेता अन्नामलाई का सरकार पर हमला

तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने इस हादसे के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने रैली के दौरान सुरक्षा प्रबंधन में भारी चूक के आरोप लगाए. अन्नामलाई ने कहा, इस घटना में जिन मासूमों की जान गई, वह बेहद दर्दनाक है. यह सरकार की घोर लापरवाही का नतीजा है. भीड़ के अनुमान के अनुसार पुलिस को तैयारी करनी चाहिए थी, लेकिन सुरक्षा इंतजाम पूरी तरह नाकाफी थे. उन्होंने यह भी दावा किया कि रैली के दौरान बिजली गुल हो गई थी, जिससे अफरा-तफरी और बढ़ गई. बीजेपी नेता ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं देने की भी मांग की.

अब क्या आगे?

हादसे के बाद से करूर में राजनीतिक तापमान तेज हो गया है. राज्य सरकार की ओर से फिलहाल कोई बड़ा बयान नहीं आया है, लेकिन विपक्ष ने DMK सरकार पर सीधे सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं. अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि राज्य प्रशासन जांच कब और किस स्तर पर शुरू करता है और क्या भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए कोई ठोस कदम उठाए जाएंगे.

यह भी पढ़ें: एक्टर विजय की रैली में भगदड़ से 39 मौतें, इनमें 16 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल, 51 लोग ICU में भर्ती