Asian games 2026 Kabaddi: भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए एशियन गेम्स में एक बार फिर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है. फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान को 40-34 से हराया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एशियाड में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता है. फाइनल में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले हाफ में ईरान ने भारतीय टीम पर दबाव बनाए रखा.
एक समय मुकाबला ईरान के पक्ष में जाता दिख रहा था, लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की. टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए ईरान को पीछे छोड़ा और आखिर में छह अंकों से मुकाबला जीत लिया. कबड्डी में भारत ने इस एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन किया. पुरुष टीम से पहले भारतीय महिला टीम ने भी फाइनल में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीता था.
पहले हाफ में कांटे की टक्कर
भारत और ईरान के बीच पहले हाफ में मुकाबला काफी करीबी रहा. ईरान ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन भारतीय टीम ने भी लगातार अंक हासिल करते हुए वापसी की कोशिश की. भारत ने सुपर टैकल के जरिए कुछ अहम अंक जुटाए और एक समय बढ़त भी बनाई.
हालांकि, भारतीय टीम अपनी बढ़त को ज्यादा देर तक कायम नहीं रख सकी. ईरान ने भारत को ऑलआउट कर चार अंक हासिल किए और 14-13 की बढ़त बना ली. इसके बाद भारत ने स्कोर बराबर करने की कोशिश की, लेकिन पहले हाफ के अंत तक ईरान ने एक अंक की बढ़त बनाए रखी. हाफ टाइम तक ईरान 18-17 से आगे था.
Come on lads💪🏻
— Aman adhikari (@TheDanceDirectr) September 26, 2026
Bring that gold home🙏🏻#AsianGames2026 #kabaddi pic.twitter.com/z80VqHvUjS
दूसरे हाफ में भारत की जोरदार वापसी
दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने पूरी तरह अपना खेल बदल दिया. शुरुआत में पीछे चल रही टीम ने ईरान पर लगातार दबाव बनाना शुरू किया और उसे ऑलआउट करके बढ़त हासिल कर ली.
मैच खत्म होने में करीब 10 मिनट बाकी थे, तब भारत के पास ईरान के खिलाफ पांच अंकों की बढ़त थी. इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी लय बनाए रखी और लगातार अंक हासिल करते हुए बढ़त को और मजबूत किया.
मैच के आखिरी पलों में क्या हुआ?
मैच के आखिरी पलों में असलम ने भी शानदार खेल दिखाया. ईरानी खिलाड़ियों ने उन्हें घेर लिया था, लेकिन उन्होंने चतुराई से वॉकलाइन पार कर ली और भारत के लिए अहम अंक हासिल किया. इससे भारत की बढ़त और बढ़ गई.
भारतीय टीम ने आखिरी मिनटों में ईरान के हर हमले का जवाब दिया और मुकाबला 40-34 से अपने नाम कर लिया. पहले हाफ में पिछड़ने के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरे हाफ में जिस तरह वापसी की, उससे टीम ने एक बार फिर एशियन गेम्स में कबड्डी के अपने दबदबे को कायम रखा.
ये भी पढ़ें- ईरान का वो हथियार, जिससे खौफ में है अमेरिका, यूएस नेवी को पीछे हटाने पड़े सभी वॉरशिप