Doosra: फिल्म ‘दूसरा’ पर रोक लगाने की मांग खारिज, सौरव गांगुली को दिल्ली हाईकोर्ट से झटका

Doosra: सौरव गांगुली ने फिल्म में बिना अनुमति अपनी छवि और 2002 की ऐतिहासिक नेटवेस्ट सीरीज जीत से जुड़े पलों के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई थी. वहीं, निर्माताओं ने इसे एक लड़की के संघर्ष की कहानी बताते हुए रिलीज पर रोक लगाने का विरोध किया.

sourav-ganguly-doosra-film-release-delhi-high-court-order
Image Source: Internet

Doosra: पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली की कानूनी आपत्ति के बावजूद फिल्म ‘दूसरा’ की रिलीज का रास्ता फिलहाल साफ है. दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर तत्काल रोक लगाने की मांग स्वीकार नहीं की है. यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. गांगुली ने आरोप लगाया है कि फिल्म में उनकी पहचान और क्रिकेट करियर से जुड़े ऐतिहासिक पलों का इस्तेमाल बिना अनुमति किया गया है. वहीं, फिल्म के निर्माताओं का कहना है कि यह गांगुली की बायोपिक नहीं, बल्कि एक लड़की के संघर्ष, आत्मनिर्भरता और आजादी की कहानी है.

क्यों फिल्म ‘दूसरा’ के खिलाफ अदालत पहुंचे सौरव गांगुली?

सौरव गांगुली और प्रोडक्शन हाउस लव फिल्म्स एलएलपी ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की थी. याचिका में आरोप लगाया गया कि फिल्म में गांगुली की पहचान, लोकप्रियता और उनके क्रिकेट करियर से जुड़े ऐतिहासिक पलों का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है. उनका पक्ष है कि इस तरह के इस्तेमाल से उनके व्यक्तित्व अधिकारों और व्यावसायिक हितों पर असर पड़ सकता है.

विवाद की प्रमुख वजह साल 2002 में भारत की ऐतिहासिक नेटवेस्ट ट्रॉफी जीत और इसके बाद लॉर्ड्स के मैदान की बालकनी में सौरव गांगुली का शर्ट उतारकर जश्न मनाना है. क्रिकेट इतिहास के इस चर्चित पल को फिल्म से जोड़कर देखा जा रहा है. गांगुली की ओर से इसी तरह के संदर्भों और उनकी पहचान के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई गई है.

सौरव गांगुली की बायोपिक से भी जुड़ा है मामला

इस कानूनी विवाद में लव फिल्म्स की भूमिका भी अहम है. प्रोडक्शन हाउस पहले से ही सौरव गांगुली के जीवन पर आधारित आधिकारिक बायोपिक ‘दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी’ पर काम कर रहा है. याचिका के मुताबिक, 5 अगस्त 2021 को हुए समझौते के तहत कंपनी को गांगुली के जीवन और क्रिकेट करियर पर फिल्म बनाने के विशेष अधिकार दिए गए थे. याचिकाकर्ताओं की चिंता है कि फिल्म ‘दूसरा’ में उनकी पहचान और करियर से जुड़े चर्चित पलों के इस्तेमाल से आधिकारिक बायोपिक के व्यावसायिक हित प्रभावित हो सकते हैं. हालांकि, इस मामले में अंतिम कानूनी स्थिति का निर्धारण आगे की सुनवाई और अदालत के फैसले पर निर्भर करेगा.

एक लड़की के संघर्ष की कहानी है फिल्म

फिल्म ‘दूसरा’ के निर्माताओं ने सौरव गांगुली की ओर से लगाए गए आरोपों का विरोध किया है. उनका कहना है कि फिल्म किसी क्रिकेटर की बायोपिक नहीं है, बल्कि राजस्थान के एक मध्यमवर्गीय परिवार की लड़की तारा की कहानी है. तारा सामाजिक बंदिशों और पारिवारिक रूढ़ियों के बीच अपनी अलग पहचान बनाने और स्वतंत्र जीवन जीने के लिए संघर्ष करती है.

निर्माताओं के मुताबिक, टेलीविजन पर सौरव गांगुली को ऐतिहासिक जीत के बाद जश्न मनाते देखकर तारा को भी अपने जीवन में साहस और आजादी के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है. उन्होंने अदालत में यह भी दलील दी कि फिल्म में संबंधित क्रिकेट फुटेज के इस्तेमाल के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से आवश्यक अनुमति ली गई है. इसके अलावा, रिलीज की तैयारियां पूरी होने और 100 से अधिक सिनेमाघरों की बुकिंग का हवाला देते हुए उन्होंने फिल्म पर रोक लगाने का विरोध किया.

दिल्ली हाईकोर्ट ने रिलीज पर रोक लगाने से किया इनकार

मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति दिनेश भट्ट की पीठ ने शुरुआती तौर पर माना कि सुविधा का संतुलन फिल्म निर्माताओं के पक्ष में है. अदालत ने इस स्तर पर फिल्म की रिलीज रोकने की मांग स्वीकार नहीं की. इससे निर्माताओं को राहत मिली है और 23 अक्टूबर को फिल्म की निर्धारित रिलीज पर फिलहाल कोई रोक नहीं है. 

क्या है फिल्म ‘दूसरा’ की कहानी?

निर्देशक अभिनय देव की फिल्म ‘दूसरा: इंडियाज अदर फ्रीडम स्ट्रगल’ साल 2002 की नेटवेस्ट सीरीज में भारत की ऐतिहासिक जीत की पृष्ठभूमि पर आधारित है. फिल्म क्रिकेट के उस यादगार दौर को एक युवती की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सामाजिक बंधनों से मुक्ति की कहानी से जोड़ती है. फिल्म में प्लबिता बोरठाकुर, अंकुर विकल और समिधा गुरु प्रमुख भूमिकाओं में हैं. इसका निर्माण माशा सजदेह और रोहन सजदेह ने किया है, जबकि नीता शाह सह-निर्माता हैं. फिल्म की कहानी और पटकथा एग्नेलो ओसविन डायस ने लिखी है और इसका संगीत राम संपत ने तैयार किया है.

रिलीज से ठीक पहले कानूनी विवाद में घिरी फिल्म

सौरव गांगुली की याचिका ने ‘दूसरा’ को रिलीज से ठीक पहले चर्चा में ला दिया है. एक तरफ गांगुली ने अपनी पहचान और ऐतिहासिक क्रिकेट पलों के इस्तेमाल पर सवाल उठाए हैं, तो दूसरी तरफ निर्माता फिल्म को व्यक्तिगत आजादी पर आधारित एक अलग कहानी बता रहे हैं. दिल्ली हाईकोर्ट ने फिलहाल फिल्म की रिलीज रोकने से इनकार किया है. 

ये भी पढ़ें- दिसंबर में शाहरुख और सलमान का महाक्लैश! 'किंग' और 'मातृभूमि' के बीच होगी टक्कर, कौन पड़ेगा भारी?