दिसंबर में शाहरुख और सलमान का महाक्लैश! 'किंग' और 'मातृभूमि' के बीच होगी टक्कर, कौन पड़ेगा भारी?

बॉलीवुड के दो बड़े सुपरस्टार शाहरुख खान और सलमान खान दिसंबर 2026 में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा सकते हैं.

clash between Shah Rukh and Salman King and Matrubhumi wil release
Image Source: Social Media

बॉलीवुड के दो बड़े सुपरस्टार शाहरुख खान और सलमान खान दिसंबर 2026 में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा सकते हैं. चर्चा है कि शाहरुख की फिल्म ‘किंग’ और सलमान की फिल्म ‘मातृभूमि’ करीब 20 दिनों के अंतर पर रिलीज हो सकती हैं. अगर ऐसा होता है, तो साल के आखिर में दोनों फिल्मों के बीच कमाई को लेकर बड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है.

शाहरुख खान की एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘किंग’ को सिद्धार्थ आनंद ने निर्देशित किया है. फिल्म 24 दिसंबर 2026 यानी क्रिसमस के मौके पर रिलीज होने वाली है. वहीं, सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर खबरें हैं कि यह 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में आ सकती है. हालांकि, दोनों फिल्मों की रिलीज से जुड़ी जानकारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

2004 और 2006 में भी हुई थी फिल्मों की टक्कर

शाहरुख और सलमान की फिल्मों की टक्कर पहले भी दर्शकों का ध्यान खींच चुकी है. साल 2006 में दोनों की फिल्में एक ही दिन रिलीज हुई थीं. 20 अक्टूबर को शाहरुख की ‘डॉन’ और सलमान की ‘जान-ए-मन’ सिनेमाघरों में आई थीं. दोनों फिल्मों की रिलीज को उस समय बॉलीवुड के बड़े मुकाबलों में गिना गया था.

साल 2004 में भी दोनों सितारों की फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा रहा था. नवंबर में सलमान की ‘दिल ने जिसे अपना कहा’ और शाहरुख की ‘वीर-जारा’ रिलीज हुई थीं. इसके करीब एक महीने बाद शाहरुख की फिल्म ‘स्वदेस’ सिनेमाघरों में पहुंची थी. इन फिल्मों को आज भी दर्शक याद करते हैं.
‘किंग’ में बेटी सुहाना के साथ नजर आएंगे शाहरुख

शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है. इस फिल्म में शाहरुख पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं और इसे एक्शन-थ्रिलर बताया जा रहा है. क्रिसमस पर रिलीज होने के कारण फिल्म को छुट्टियों का भी फायदा मिल सकता है.

गलवान घाटी की घटना पर आधारित है ‘मातृभूमि’

सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ देशभक्ति और युद्ध पर आधारित है. यह फिल्म गलवान घाटी की घटना से जुड़ी बताई जा रही है और इसका निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है.

अगर ‘मातृभूमि’ 4 दिसंबर और ‘किंग’ 24 दिसंबर को रिलीज होती हैं, तो दोनों फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर कमाई के लिए अच्छा मौका मिल सकता है. हालांकि, फिल्मों की असली कमाई और दर्शकों की पसंद का पता रिलीज के बाद ही चलेगा. फिलहाल, दोनों सुपरस्टार्स की फिल्मों को लेकर फैंस के बीच चर्चा तेज है.