WhatsApp और Telegram यूजर्स के लिए जरूरी खबर, 1 जनवरी से लागू होगा सिम बाइंडिंग नियम, जानें क्या बदलेगा

1 जनवरी 2027 से भारत में WhatsApp और Telegram जैसे मैसेजिंग ऐप चलाने के नियमों में बदलाव होने जा रहा है.

SIM-binding rule to for WhatsApp and Telegram users from 1 January 2027
Image Source: Social Media

1 जनवरी 2027 से भारत में WhatsApp और Telegram जैसे मैसेजिंग ऐप चलाने के नियमों में बदलाव होने जा रहा है. दूरसंचार विभाग ने ऑनलाइन धोखाधड़ी और फर्जी अकाउंट्स पर रोक लगाने के लिए सिम-बाइंडिंग का नियम लागू करने की तैयारी की है. इसके तहत जिस मोबाइल नंबर से आप WhatsApp या Telegram चलाते हैं, उसका सिम कार्ड उसी फोन में होना जरूरी होगा. कंपनियों को इस नियम का पालन करने के लिए 31 दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है.

क्या है सिम बाइंडिंग और किन लोगों पर पड़ेगा असर?

सिम बाइंडिंग के नियम के तहत मैसेजिंग ऐप पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर का सिम उसी डिवाइस में होना चाहिए, जिसमें ऐप चलाया जा रहा है. यह नियम एंड्रॉयड और आईफोन, दोनों तरह के यूजर्स पर लागू होगा.

अभी कई लोग एक फोन में सिम रखते हैं और दूसरे फोन या डिवाइस पर उसी नंबर से WhatsApp चलाते हैं. नए नियम के बाद इस तरह ऐप चलाने में परेशानी हो सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐपल ने भी अपने आईओएस सिस्टम में ऐसा अपडेट दिया है, जिससे आईफोन में सिम कार्ड मौजूद होने की जांच की जा सके.

क्या हर 6 घंटे में WhatsApp Web से लॉगआउट होना पड़ेगा?

दूरसंचार विभाग ने 28 नवंबर 2025 को इस नियम को लेकर शुरुआती निर्देश जारी किए थे. उस समय हर छह घंटे में WhatsApp Web जैसे वेब सेशन से अपने आप लॉगआउट होने की शर्त भी रखी गई थी.

हालांकि, बाद में सरकार ने इस अनिवार्य लॉगआउट की शर्त वापस ले ली. अब इसकी जगह जोखिम के आधार पर कार्रवाई करने की व्यवस्था रखी गई है. यानी अगर किसी गतिविधि में धोखाधड़ी का शक होता है, तो संबंधित सेवा को बंद किया जा सकता है या यूजर को लॉगआउट किया जा सकता है.

इसलिए नए नियम लागू होने के बाद आम यूजर्स को हर छह घंटे में वेब वर्जन से अपने आप लॉगआउट नहीं होना पड़ेगा. लेकिन फोन में संबंधित सिम कार्ड मौजूद रखने की शर्त बनी रहेगी.

किन ऐप्स पर लागू होगा नियम?

यह नियम WhatsApp और Telegram जैसे प्रमुख मैसेजिंग ऐप्स के लिए लाया जा रहा है. सामने आई जानकारी के मुताबिक, Snapchat को इस व्यवस्था से बाहर रखा गया है. वहीं, Signal की ओर से सरकारी निर्देशों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

नियम के दायरे में आने वाले ऐप्स को तय समय के भीतर अपनी सेवाओं को सिम वेरिफिकेशन की व्यवस्था के अनुरूप बनाना होगा.

आप पर क्या असर पड़ेगा?

सिम बाइंडिंग को लेकर ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि 1 जनवरी से फोन में WhatsApp चलना बंद हो जाएगा. हालांकि, इस नियम का मतलब यह नहीं है कि सभी यूजर्स के फोन में WhatsApp काम करना बंद कर देगा. कंपनियों को नियमों का पूरी तरह पालन करने के लिए 31 दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है.

इस नियम में किसी खास फोन मॉडल पर रोक लगाने की बात नहीं है. इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि जिस मोबाइल नंबर से आपका अकाउंट जुड़ा है, उसका एक्टिव सिम उसी डिवाइस में मौजूद हो, जिस पर आप ऐप चला रहे हैं.

यानी यूजर्स के लिए सबसे जरूरी बात यही है कि WhatsApp या Telegram जिस नंबर से चला रहे हैं, उसका सिम उसी फोन में रखें.